






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 8 अगस्त 2023। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में स्वाधीनता दिवस के मौके पर सरकारी कार्यक्रमों के अलावा सामाजिक संस्था नागरिक विकास परिषद लगातार युवाओं की नसों में देशभक्ति का ज्वार भरने का काम कर रही है। संस्था द्वारा पिछले 16 वर्षों से प्रत्येक स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रक्तदान शिविर का आयोजन करवाया जाता है एवं इस बार भी यह आयोजन 15 अगस्त को संस्था भवन में आयोजित होगा। संस्थाध्यक्ष जगदीश स्वामी ने बताया कि स्वाधीनता दिवस के मौके पर कार्यक्रमों की तैयारी को लेकर संस्था कार्यकर्ताओं की बैठक संस्था भवन में आयोजित की गई। जिसमें 15 अगस्त पर संस्था के 37वें रक्तदान शिविर के प्रभारी की जिम्मेदारी विजयराज सेवग को दी गई है एवं शिविर के लिए आर्थिक सहयोग दिवंगत मोतीलाल तापड़िया की पुण्य स्मृति में लक्ष्मीदेवी मोतीलाल तापड़िया चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई का स्वीकार किया गया है। आडसर बास स्थित संस्थाभवन में आयोजित होने वाले इस शिविर में सुबह दस बजे से दोपहर तीन बजे तक पीबीएम चिकित्सालय की टीम रक्त संग्रहण करेगी। इसके अलावा भवन परिसर में झंडारोहण समारोह पर भी चर्चा हुई।
विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन का मंच देगी एनवीपी, स्वतंत्रता दिवस पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नागरिक विकास परिषद द्वारा स्वाधिनता दिवस के मौके पर विद्यार्थियों में सहशैक्षिक प्रतिभाओं का विकास करने के लक्ष्य से विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करवाया जाएगा। संस्था के सांस्कृतिक मंत्री मनोज गुंसाई ने बताया कि संस्था द्वारा संस्था भवन में दिनांक 11 अगस्त को सुलेख, भाषण एवं श्रुतिलेख प्रतियोगिता का आयोजन होगा व इसी प्रकार 12 अगस्त को कविता पाठ, चित्रकला एवं वाद-विवाद प्रतियोगिताएं होंगी। सुबह 9 बजे से 12 बजे तक आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं का परिणाम 13 अगस्त को घोषित किया जाएगा एवं सभी विजेताओं को पुरस्कृत किया जाएगा। कनिष्ठ एवं वरिष्ठ वर्ग में अलग अलग आयोजित होने वाली इन प्रतियोगिताओं में सभी विद्यालयों द्वारा अपने विद्यालय के श्रेष्ठ दो-दो प्रतिभागियों की एंट्री 10 अगस्त तक दी जा सकेगी।



