






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2022। विधायक गिरधारीलाल महिया क्षेत्र में शिक्षा की उन्नति की दिशा में लगातार प्रयासरत है। कई सफल प्रयासों के बाद अब पिछली सरकार द्वारा बंद किए गए 10 विद्यालय वापस खोले जाने की जानकारी दी है। महिया ने बताया कि सतत प्रयासों के बाद राज्य सरकार द्वारा शिक्षा विभाग को प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्तर के 10 विद्यालयों को समन्वय से मुक्त कर पुन: खोलने की स्वीकृति दे दी है। ये विद्यालय इसी सत्र 2022-23 से शुरू होंगे तथा गांव सहित मोहल्लों-ढाणियों के बच्चों को शिक्षा का लाभ मिल सकेगा। महिया ने मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व शिक्षा मंत्री बी.डी.कल्ला का आभार व्यक्त किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विधायक महिया ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में पूर्ववर्ती सरकार द्वारा बंद किए गए गांव देराजसर के राबाउप्रावि, गांव बिग्गा के राप्रावि रामदेव मोहल्ला, गांव सावंतसर के राप्रावि, गांव बापेऊ की राप्रावि नायकों का मोहल्ला, गांव बरजांगसर की राप्रावि, गांव धनेरू की राप्रावि, गांव सोनियासर मीठियां की राप्रावि, गांव लाखनसर की राप्रावि रावलिया ढेर, गांव उदरासर की राबाप्रावि, राप्रावि जैसलसर वार्ड नं. 11 श्रीडूंगरगढ़ को माध्यमिक शिक्षा के समन्वय से मुक्त कर पुन: खोला गया है। इन गांवों के ग्रामीण लंबे समय से विद्यालयों को पुन: खुलवाने की मांग कर रहे थे। विद्यालयों के पुन: खुलने की सूचना मिलने पर स्थानीय ग्रामीणों ने खुशी जताकर क्षेत्रीय विधायक का आभार व्यक्त किया है।



