






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अक्टूबर 2024। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर राज्य भर में 100 वर्ष या इससे अधिक आयु (शतायु) मतदाताओं को निर्वाचन विभाग द्वारा सम्मानित किया गया। सहायक निर्वाचन अधिकारी राजवीरसिंह कड़वासरा ने बताया कि वरिष्ठ नागरिकों को देश की निर्वाचन प्रक्रिया में उनके द्वारा दिए गए निरंतर योगदान व भारतीय लोकतंत्र को सुदृढ़ बनाने में भागीदारी निभाने के लिए सम्मानित किया गया है। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 137 शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया है। श्रीडूंगरगढ़ शहर में 105 वर्ष की सूरजकंवर सहित 8 शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया। ग्रामीण अंचल में बीएलओ द्वारा शतायु मतदाताओं का सम्मान किया गया है। इस दौरान उपखंड कार्यालय पहुंचे शतायु मतदाताओं को फुलमाला पहना कर प्रशस्ति पत्र भेंट दिया गया। वहीं जो कार्यालय में उपस्थित नहीं हो पाए उन्हें राजवीरसिंह ने निर्वाचन विभाग की टीम के साथ घर पहुंचकर प्रशस्ति पत्र दिए व सम्मान किया। दल के मोहम्मद आरिफ ने बताया कि इस दौरान लीलाराम मीणा, सीताराम कूकणा, निर्वाचन सेल के बीएलओ सीताराम, विक्रम, नूजल इस्लाम, श्यामसुदंर, मुकेश कुमार सक्रिय रहें। क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्याणसर नया के बूथ लेवल अधिकारी संतोष कुमार सोनी व सरपंच प्रतिनिधि आईदान गोदारा, प्रधानाचार्य नंदराम सिद्ध ने दो शतायु मतदाता में एक 105 वर्ष की मोहिनी देवी व दूसरी शतायु सुगनी देवी का सम्मान किया।
जिले में हैं छह सौ शतायु मतदाता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 600 शतायु मतदाता हैं। जिनका सम्मान मंगलवार को किया गया। इनमें खाजूवाला विधानसभा क्षेत्र में 109, बीकानेर पश्चिम विधानसभा में 14, बीकानेर पूर्व विधानसभा में 24, कोलायत विधानसभा में 108, लूणकरणसर विधानसभा में 90, श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा में 137 एवं नोखा विधानसभा क्षेत्र में 128 शतायु मतदाता हैं, जिनका सम्मान किया गया।








