May 20, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 मई 2026। प्रत्येक माह के दूसरे गुरूवार को पंचायत समिति के सभागार में होने वाली जनसुनवाई उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जनसुनवाई में श्रीडूंगरगढ़ शहर में पेयजलापूर्ति नहीं होने की आधा दर्जन समस्याओं सहित उपखंड क्षेत्र से 18 परिवादें आई। आमजन ने प्रशासन से इनके निस्तारण की मांग की। उपखंड अधिकारी ने पानी बिजली की समस्याओं का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। वहीं अतिक्रमण हटवाने व पालिका संबंधी समस्याओं पर भी एक्शन लेने व आमजन को राहत देने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में विभिन्न विभागों के ब्लॉक अधिकारी शामिल रहें।
श्रीडूंगरगढ़ शहर के नागरिक वार्ड 32, 35, बालनिकेतन स्कूल के पास, टीएसएस के पास, कालूबास पानी नहीं आने की परिवादें लेकर पहुंचे। वहीं करणी नगर में पानी बिजली की समस्या के समाधान की मांग की गई। एसबीआई बैंक के पास नाली ठीक करवाने की मांग करते हुए राहगीरों को इससे अत्यधिक समस्या होने की परिवाद दी गई। आपणों गांव श्रीडूंगरगढ़ सेवा समिति के सदस्यों ने नेशनल हाइवे पर घुमचक्कर से मुख्य बाजार के बीच, हनुमान धोरा तक डिवाईडर पर लगी रोड लाईट चालू करवाने की मांग की। सदस्यों ने फायर बिग्रेड बुलाने के लिए 101 नबंर डायल करने पर कॉल चूरू लगने और वहां से बीकानेर में संपर्क करने की सलाह दिए जाने की समस्या का समाधान करवाने की मांग की। समिति अध्यक्ष जतनसिंह राजपुरोहित ने 101 आपातकाल नबंर बीकानेर मुख्यालय से जुड़वाने की मांग की। वहीं समिति के फायर फाईटर के नबंर 01565 222101 सार्वजनिक करने की बात कही।
श्रीडूंगरगढ़ से जैसलसर वाले हनुमान धोरा मार्ग पर रोड लाइट लगवाने, गांव ठुकरियासर में सरसजी मंदिर के पास निर्मित ट्यूबवेल का भुगतान करवा इसे चालू करवाने, लिखमीसर व राजेडू सड़क निर्माण में गांव के बीच में नालियों का निर्माण करने, सुरजनसर में मुख्य रोड पर अतिक्रमण हटाए जाने, जालबसर में सरकारी ट्यूबवेल के पास किए गए अतिक्रमण हटवाने, धनेरू में बस स्टैंड आने के लिए अतिक्रमण हटवा कर मार्ग खुलवाने, गांव रीड़ी में बिजली के दो पोल लगवाने व तार दिलवाने की परिवादें दी गई। वहीं ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को हनुमान धोरा स्थित महात्मा गांधी अंग्रेजी माध्यम स्कूल में अध्यापकों को स्कूल में रहने के लिए पाबंद करने की मांग की गई।