






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 जुलाई 2022। कस्बे के वार्ड 23 व 24 के नागरिक भारी पेयजल किल्लत से जुझ रहें है। नागरिक यहां पांच से छ: दिन में एकबार पानी सप्लाई दिए जाने की बात कह रहें है। पार्षद परसराम ने उपखंड अधिकारी से समस्या समाधान की मांग की है। पार्षद ने बताया कि गर्मी के मौसम में जब पानी की मांग बढ़ जाती है तब वार्ड में जलापूर्ति नहीं होने से आमजन बुरी तरह से परेशान है। उपखंड अधिकारी को पत्र देते हुए परसराम ने विभाग को बार बार अवगत करवाने पर भी ध्यान नहीं देने की शिकायत की। परसराम ने बताया कि वार्ड में अधिकांश नागरिक मध्यम वर्गीय है और आए दिन वे पानी के टेंकर डलवाने पर मजबूर है जो उनके लिए महंगा साबित हो रहा है। वार्ड के नागरिकों ने उपखंड अधिकारी से गुहार लगाते हुए इस मामले में दखल देने की मांग की है व विभाग को समस्या समाधान के निर्देश देने की बात कही है।



