






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 नवंबर 2025। क्षेत्र में एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत एक युवक की पंप पर हुए हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। युवक के घर परिवार में मातम छा गया है। आधी रात बाद हुई घटना की जानकारी पुलिस ने परिजनों को दी और सोमवार सुबह उपजिला अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
गांव गुसाईंसर बड़ा के निकट स्थित नायरा पेट्रोल पंप पर कार्यरत ऊपनी निवासी 23 वर्षीय युवक लूणाराम पुत्र तोलाराम गोदारा की दु:खद मौत हो गई है। बीती रात करीब 2 बजे लूणाराम पंप पर बने डीजल टैंक का दरवाजा बंद कर रहा था। अचानक उसका पैर फिसल गया और एक पैर टैंक में व एक टैंक के बाहर रह गया। टैंक का भारी भरकम दरवाजा उसकी गर्दन पर आकर लगा जिससे युवक के सिर व गर्दन में गंभीर रूप से चोट आई। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। एसआई राजेंद्र कुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर शव को उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। राजेंद्र कुमार द्वारा पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों के सुपुर्द करने की कार्रवाई पूरी की जा रही है। युवक की मौत से परिवार के लोग बुरी तरह से व्यथित है और परिजनों ने हादसे की रिपोर्ट पुलिस को दे दी है।



