






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जून 2022। बीकानेर संभाग में अतिक्रमण के खिलाफ विशेष अभियान चलाने के बाद गत दिनों बीकानेर में खड़े हुए पेयजल संकट को कुशलता पूर्वक निपटाने के लिए राज्य भर में सुर्खियां बटोरने वाले संभागीय आयुक्त नीरज के पवन आज श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में पहुंचे। नीरज के पवन ने श्रीडूंगरगढ़ में वर्षाजल संरक्षण के पर जोर देते हुए पौधारोपण के निर्देश दिए है। उन्होंने वन विभाग को वन महोत्सव के दौरान श्रीडूंगरगढ़ घुमचक्कर से दोनों ओर हाइवे पर 5-5 किलोमीटर तक नीम के दो हजार पौधे लगाने के निर्देश दिए है। नीरज ने कहा कि ये कार्य करने के लिए जनसहयोग लिया जाए व सभी सरकारी विभाग इसमें सहयोगी बने। पंचायत समिति विकास अधिकारी को निर्देश देते हुए संभागीय आयुक्त ने कहा कि क्षेत्र की सभी 53 ग्राम पंचायतों में जो भी जल स्रोत है उन्हें बरसात से पूर्व साफ करवाया जाए व जल संग्रहण के उपयुक्त बनाया जाए। उन्होनें सख्त निर्देश देते हुए तालाबों की भूमि पर हुए अतिक्रमण हटाने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति व वन विभाग ये कार्य करके आयुक्त को रिपोर्ट करेंगे।
हाइवे पर नहीं रूकेगी बसें, होगी सख्त कार्रवाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संभागीय आयुक्त नीरज के पवन ने श्रीडूंगरगढ़ में हाइवे को एकदम क्लीन करने के निर्देश दिए है। बाजार में भी मुख्य रास्ते को साफ रखने की बात कहते हुए उन्होंने कहा कि दुकानदार अपनी दुकान के शटर से बाहर सामान नहीं रखे और ऐसा करने पर सामान जब्त कर लिया जाएगा। नीरज ने कहा कि घुमचक्कर सर्किल का स्वरूप सुधारा जाए व इसे रंग रोगन करवा कर नया रूप दिया जाए जिससे श्रीडूंगरगढ़ में प्रवेश करने वालों को भी अच्छा अनुभव हो।
सभी विभागीय अधिकारी रोजाना कार्य करें, जनसमस्याओं को निपटाए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संभागीय आयुक्त ने प्रशासन के सभी विभागों को रोजाना ही संवेदनशील ढंग से आमजन के कार्य करने की प्ररेणा दी। उन्होंने कहा कि जनसुनवाई का इंतजार नहीं करें और सभी अधिकारी आमजन के कार्य को पेडिंग नहीं रखते हुए तुंरत समस्याओं का समाधान कर क्षेत्र के विकास की योजनाएं के प्रस्ताव भी बना कर भेजें।
आचार्य महाश्रमण के आगमन से पूर्व होगा सड़कों पर पेचवर्क।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। संभागीय आयुक्त नीरज के पवन ने सार्वजनिक निर्माण विभाग को तेरापंथ समाज के युगप्रधान आचार्य महाश्रमण के श्रीडूंगरगढ़ प्रवास पर आगमन से पूर्व सड़कों पर पेच वर्क करवा कर उन्हें सुधारने के निर्देश दिए है।






