May 20, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 दिसंबर 2025। उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने क्षेत्र के नागरिकों को जीवन में नैतिक आचरण व न्याय पूर्ण समझौते स्वीकार करने की सलाह देते हुए भूमि विवादों के मामले में कुछ सुझाव दिए है। शर्मा ने लोगों से रास्ते विवाद समय रहते आपसी सहमति से हल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इससे लोग आर्थिक व मानसिक तनाव से बच सकेंगे और अपने पारिवारिक व पड़ोसी संबंधों को मजबूत बनाए रख सकेंगे। शर्मा ने कहा कि लोग रास्ते की आवश्यकता को समझे व विवादों को बढ़ावा नहीं दे। इसके लिए लोग समझदारी से काम लेवें। शर्मा ने कहा कि परिवारिक भूमि विवाद में, उत्तराधिकार कानून के तहत भाई बहन द्वारा संपत्ति विवादों में न्यायालय जाने से पहले लोगों को विचार करना चाहिए। इससे आपसी रिश्तों में कटुता आ जाती है और समय, धन व मानसिक परेशानी का नुकसान भी उठाना पड़ता है। इससे बेहतर है कि भाई बहन आपसी सहमति से उत्तराधिकार कानून के तहत बंटवारा करें। शर्मा ने कहा कि भूमि बेचने या विरासत में मिलने पर, रास्ते के लिए विवाद को लेकर रिश्ते खराब ना करें अन्यथा इससे न्यायालयों के चक्कर काटने के अतिरिक्त मार्ग नहीं रहता है। उन्होंने कहा कि पारिवारिक विवादों से बचने के लिए संयुक्त/पुश्तैनी भूमि का समय पर बंटवारा करवा कर, संयुक्त खातेदारी जल्द समाप्त करने का कार्य करवाना चाहिए जिससे विभिन्न प्रकार की योजनाओं का राजकीय लाभ भी खातेदार को मिल सकें।
उन्होंने बताया कि 17 सितंबर 2025 से 21 नवंबर 2025 तक आयोजित प्रशासन गांवो के संग शिविरों में 16 विभागों के 43 प्रकार के कार्य संपादित किए गए। इस दौरान आए बिजली पानी चिकित्सा एवं शिक्षा के परिवादों के निस्तारण के लिए सकारात्मक कार्रवाइयां की गई। वहीं राजस्व रिकॉर्ड में शुद्धिकरण के कुल प्राप्त 767 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण किया गया है।