






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 फरवरी 2024। क्षेत्र में मेलों के दौरान छेड़छाड़ व चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही है और ऐसे में मेलों में महिला श्रद्धालुओं की संख्या भी कम होती जा रही है। क्षेत्र के गांव मोमासर के प्रसिद्ध रामदेवजी मेले में हुई एक अप्रिय घटना का मामला थाने में दर्ज हुआ है। बंधनाऊ निवासी मनफुल सारण पुत्र दौलतराम सारण ने पुलिस को बताया कि वह 20 फरवरी को अपनी माता, पत्नी, धर्म भाई हरीश व ड्राइवर सागर मेघवाल के साथ मोमासर मेले में रामदेवजी के दर्शन करने गया। जब वह दर्शन करने के बाद झूले की ओर गए तो यहां 8-10 लड़कों ने उन्हें घेर लिया व उसकी पत्नी से छेड़छाड़ करने लगे। इन लड़कों ने परिवादी की पत्नी के गले में पहने गहने टेवटा, गलसरी, एक सुत व सात फुलड़ा तोड़ कर छीन लिए। जब परिवादी ने रोकने की कोशिश की तो आरोपी लड़कों ने उसके साथ मारपीट करते हुए उसका सिर फोड़ दिया। हरीश व सागर ने बीच बचाव किया तो उनके साथ भी धक्का मुक्की करते हुए वहां से भाग गए। मौके पर मोमासर के ग्रामीण मौजूद थे जिनसे जानकारी लेने पर पता चला कि आरोपी मोमासर निवासी लक्ष्मण पुत्र जोरूराम पूनियां, बनवारी पुत्र केसराराम गोदारा, सुभाष पुत्र चतराराम पूनियां सहित अन्य लड़के थे। परिवादी ने मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि सामने आने पर वह लड़कों को पहचान लेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।



