






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जून 2025। 10 वीं परीक्षा के परिणामों में 96.67 प्रतिशत अंक हासिल करने वाली गार्गी गुर्जर पर गर्व जताया, वहीं 96.33 प्रतिशत अंक लेने वाले दयानंद जाखड़ को भी खूब सराहा, वहीं कक्षा में साधारण विद्यार्थी भव्या बिठू ने भी श्रेष्ठ अंको के साथ प्रथम श्रेणी हासिल कर सभी को चौंका दिया, विद्यालय में 10वीं कक्षा के प्रथम बैच में 8 छात्र छात्राएं गार्गी, दयानंद सहित आस्था सैन, दिव्यांशी सुथार, प्रीति सोनी, महक मीणा, तन्मय सैनी ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए है। वहीं प्रथम बैच के सभी 48 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण हुए है। ये उत्सव का माहौल और उत्साहित करने वाली बातें सुनाई पड़ी बुधवार को हनुमान धोरा स्थित अंग्रेजी माध्यम के श्री कन्हैयालाल सिखवाल राजकीय विद्यालय में, जब विद्यालय परिवार द्वारा 10वीं पास सभी विद्यार्थियों का फुलमाला व साफा पहना कर सम्मान किया गया। सीबीईओ ईश्वरराम गरूवा ने सभी विद्यार्थियों को आगे भी कठोर परिश्रम के साथ अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने व परिवार का नाम रोशन करने की प्रेरणा दी। स्कूल की प्रधानाचार्य विमला गुर्जर ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए विद्यालय में कक्षा नर्सरी से 10 तक के लिए ऑनलाइन प्रवेश 15 जून तक होने की जानकारी दी। एसडीएमसी सदस्य बजरंगलाल भांमू ने सभी बच्चों को बधाई देते हुए स्कूल स्टाफ को शुभकामनाए दी। भांमू ने स्टाफ से आगामी सत्रों में भी स्कूल के विकास के लिए सक्रिय रहने की बात कही। एडवोकेट मनोज नाई स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए पुष्पगुछ भेंट किया व कविता पाठ कर परिश्रम की प्रेरणा दी। समारोह में भामाशाह मोहनलाल सिंघी, बजरंग सोमाणी, प्राचार्य पवन शर्मा, प्रदीप सिखवाल अतिथि रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्कूल का स्टाफ मौजूद रहा व बड़ी संख्या में बच्चों के अभिभावक भी शामिल हुए।



