






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 मई 2025। जिला सहकारी विकास समिति की बैठक मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीईओ जिला परिषद सोहनलाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। सीईओ ने केन्द्रीय सहकारी बैंक के प्रबंध निदेशक और सहकारी समितियों के उप रजिस्ट्रार को निर्देशित किया कि राज्य सरकार की बजट घोषणा के अनुरूप जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम सेवा सहकारी समितियों का गठन होना है। लिहाजा जिले में जिन 82 ग्राम पंचायतों में ग्राम सेवा सहकारी समितियां का गठन नहीं हुआ है। उनमें आगामी दो महीनों में ग्राम सेवा सहकारी समितियों का गठन सहकारिता विभाग के इंस्पेक्टर संबंधित विकास अधिकारियों के साथ समन्वय कर करवाएगें।
धीमी है विभाग की चाल, पांच साल में चले अढ़ाई कोस।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गत पांच वर्ष पूर्व 2019 में हुए परिसीमन के बाद से ही नई ग्राम पंचायतों में ग्राम सेवा सहकारी समिति का गठन प्रस्तावित था। ये कार्य अब 2025 के नए परिसीमन के साथ पूर्ण होने की संभावना है। इन ग्राम पंचायतों में समिति के गठन का इंतजार किसानों ने पांच साल किया है। समितियों के गठन में किसानों की रुचि भी रहती है और किसान हित के लिए वे इस पर भरोसा भी करते है। वहीं विभाग की धीमी चाल को देखकर पांच साल में अढ़ाई कोस चलने की बात क्षेत्र के किसान कह रहे है। किसानों ने विभाग को कार्य गति बढ़ाने की सलाह भी दी है। अब परिसीमन में श्रीडूंगरगढ़ अंचल में करीब एक दर्जन नई ग्राम पंचायतों के गठन का अनुमान है। विभाग की इस गति के चलते नई गठित ग्राम पंचायतों में समिति गठन लंबित रहने के साथ किसान इससे मिलने वाली सुविधा से वंचित रहने की आशंका जता रहे है।
श्रीडूंगरगढ़ में बनेगी 10 नई समितियां, होगी पूरी 53।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले की वंचित ग्राम पंचायतों में ग्राम सेवा सहकारी समिति के गठन के दौरान श्रीडूंगरगढ़ की 10 ग्राम पंचायतों पर भी समितियों का गठन पूर्ण किया जाएगा। विदित रहें क्षेत्र में पूर्व से 43 ग्राम पंचायतों में ग्राम सेवा सहकारी समिति कार्यरत है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायतें डेलवां, जैतासर, कुंतासर, कीतासर बीदावतान, बिग्गाबास रामसरा, कल्याणसर नया, पुराना, कुनपालसर, माणकरासर, सुरजनसर में अब समितियों का गठन किया जाएगा। किसान भी इसका बेसब्री से इंतजार कर रहें है।



