May 21, 2026
000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 मई 2025। क्षेत्र में लगातार भीषण सड़क हादसे हो रहें है और इन हादसों में कई घरों के कुलदीपक बूझने से अनेक जीवन अंधेरे में डूब रहें है। मंगलवार को बीदासर रोड पर गांव रीड़ी के पास एक बाइक पशु से टकराई और इंदपालसर राईकान निवासी 22 वर्षीय ईश्वर पुत्र मुन्नीराम सुथार की मौत हो गई। ईश्वर तीन भाइयों में बीच का था और मुंबई में लकड़ी के व्यवसाय में कार्यरत था। युवक गांव में ही अपने दोस्त के विवाह में शामिल होने के लिए मुंबई से सोमवार को ही गांव पहुंचा था। वह एक ओर युवक के साथ मंगलवार शाम को बाइक में पेट्रोल भरवाने रीड़ी के पास स्थित पंप पर आया था। पंप से अपने गांव लौटते हुए रीड़ी के निकट युवक दुर्घटना का शिकार हो गया। उसे अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सक उसके प्राण नहीं बचा सकें और युवक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। ईश्वर की मौत से उसके माता बेसुध है वहीं पिता, दोनों भाई सहित परिवार बुरी तरह से मायूस है। बड़े भाई के विवाह के बाद परिजन ईश्वर के विवाह के सपने सजा रहें थे, जो उसकी मौत के साथ ही चकनाचूर हो गए। गांव में जवान मौत से मातम पसर गया है और हर कोई नम आंखो से शोक जता रहा है। बुधवार को पुलिस कार्रवाई के बाद गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है। थानाधिकारी जितेंद्र स्वामी ने घटना पर शोक जताया। कस्बे के कई सुथार समाज के लोग भी अस्पताल पहुंचे। समाज के लोगों ने ट्रोमा की कमी जताई। कुछ लोगों ने इसमें हो रही देरी और सिस्टम को भी कोसा। विदित रहें प्रतिदिन हो रहें हादसों में जान गवां रहें लोगों की संख्या देखकर आमजन भी ट्रोमा शीघ्र बनने की प्रतिक्षा कर रहें है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 22 वर्षीय युवक ईश्वर हुआ अकाल मौत का शिकार, परिजन हुए मायूस, गांव में पसरा मातम।