






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अप्रेल 2023। नगरपालिका अधिशाषी अधिकारी के रिक्त पद पर पंचायत समिति के विकास अधिकारी रामचंद्र जाट को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है और जाट ने आज सुबह पदभार ग्रहण कर लिया है। पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा ने जाट का स्वागत किया व मुंह मीठा करवाया। जाट ने टाइम्स को बताया कि उनकी प्राथमिकता कस्बे की सफाई व्यवस्था रहेगी। उन्होंने कहा कि बाजार में निकलने पर स्वयं भी सफाई व्यवस्था की जरूरत महसूस की है और लगातार ये शिकायतें देखते सुनते आ रहें है। पट्टों के बारे में जाट ने कहा कि आबादी भूमि में जिनके पट्टे बनने है उन्हें नियमानुसार प्राथमिकता के साथ पट्टे दिए जाएंगे। लंबे समय से सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिलने के सवाल पर जाट ने जवाब दिया कि वे आज ही इस प्रकरण का पता करवाएंगे तथा सफाई कर्मचारियों का वेतन नहीं रोका जाएगा। जाट ने कहा कि आज या सोमवार को सर्वप्रथम उनका वेतन जारी कर दिया जाएगा। जाट के पदभार ग्रहण करने के दौरान यहां प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा, भाजपा नेता विनोदगिरी गुसाई सहित अनेक पार्षद व पालिका स्टॉफ मौजूद रहें।






