






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2023। मंगलवार को उपखंड स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह का आयोजन रूपादेवी राउमावि के खेल मैदान में हुआ। समारोह में उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने ध्वजारोहण किया व परेड की सलामी ली। चौधरी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वामी विवेकानंद को पढ़ने व आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि देश के लिए सीमा पर लड़ने वाले जवानों के लिए प्रति व्यक्ति अपने ह्रदय में सम्मान का भाव जरूर रखें। समारोह में 15 विद्यालयों ने भाग लिया व दयानंद विद्या निकेतन के छात्रों का योग व मल्लखंभ प्रदर्शन सराहनीय रहा। सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में सेवारत 48 नागरिकों का सम्मान किया गया। समारोह में संविधान की उद्देशिका का वाचन रमेश शर्मा ने किया व निर्वाचन की शपथ डॉ मनीष कुमार सैनी ने दिलवाई। व्याख्याता प्रदीप कौशिक ने मेरी माटी मेरा देश की शपथ दिलवाई। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता राजू शर्मा व रमेश शर्मा ने किया। इस दौरान शहीद की वीरांगनाओं का सम्मान रखा गया जिनमें क्षेत्र से राकेश चोटिया के पुत्र ने कार्यक्रम में भाग लिया व सम्मान प्राप्त किया। उल्लेखनीय है कि मानव सेवा के लिए नरनारायण सेवा संस्थान की सुष्मा करनाणी, समाजसेवी तुलसीराम चौरड़िया, पत्रकार नारायण सारस्वत, शिक्षा विभाग के राजू सिद्ध, जगराम बाना, पवन कुमार सैनी, संदीप कुमार सहित अनेक जनों का सम्मान किया गया।
ये रहें मंच पर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। स्वतंत्रता समारोह में उपखंड स्तरीय सभी विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। वहीं मंच पर एडिशनल एसपी ओमप्रकाश, सीओ विक्की नागपाल, तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा, नायब तहसीलदार रमेश सिंह, सीआई अशोक विश्नोई, सीबीईओ ओमप्रकाश प्रजापत, प्रधानाचार्य आदूराम जाखड़ व उमाशंकर सहारण, महिला अधिकारिता विभाग के श्रीमति मंजू सहित अनेक विभागों के अधिकारी मौजूद रहें।
बोर्ड परीक्षाओं के ये टॉपर हुए सम्मानित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अपनी कड़ी मेहनत के बल पर बोर्ड परीक्षाओं में सर्वोच्च नबंर लेकर उपखंड स्तरीय सम्मान हासिल करने वाले 8 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। सरकारी स्कूल में टॉपर रहें राउमावि लिखमीसर उत्तरादा के छात्र नंदकिशोर पुत्र हड़मानाराम सुथार कक्षा 10वीं में 95.17% अंक हासिल करने पर, वहीं निजी स्कूलों में कक्षा 10 में एजी मिशन स्कूल की गरिमा पुत्री पवन कुमार प्रजापत द्वारा 97.83% अंक प्राप्त करने पर, कक्षा 12वीं में कला वर्ग में राउमावि लिखमीसर उत्तरादा का छात्र कन्हैयालाल पुत्र आदुराम भुवांल के 96.6% अंक हासिल करने, भारती निकेतन विद्यालय की छात्रा ऋचा महावर पुत्री विजयकुमार महावर कक्षा 12वीं विज्ञान वर्ग में 97.20%अंक लेने, भारती निकेतन विद्यालय की अश्लेषा पुत्री सहीराम चौधरी कक्षा 12वीं कला वर्ग में 97% अंक लाने पर, राउमावि श्रीडूंगरगढ़ का छात्र इरफान पुत्र हाकम अली चुनगर कक्षा 12वीं के विज्ञान वर्ग में 97.20% अंक हासिल करने, भारती निकेतन विद्यालय कक्षा 12वीं कृषि विज्ञान में भवानीशंकर पुत्र सुखराम शर्मा ने 93% अंक हासिल करने, भारती निकेतन के छात्र करण पुत्र नारायण नाई द्वारा 12वीं वाणिज्य वर्ग में 93%अंक हासिल करने के लिए सम्मान प्रदान किए गए।
जिला स्तर पर मिले श्रीडूंगरगढ़ को तीन सम्मान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिला स्तर पर शिक्षा मंत्री बीडी कल्ला, संभागीय आयुक्त, आईजी व जिलाकलेक्टर, एसपी ने भी विशिष्ट सेवाओं के लिए सम्मान दिए जिनमें श्रीडूंगरगढ़ की झोली में तीन सम्मान आए। एक नागरिक, एक कार्मिक व एक संगठन का चुनाव जिलास्तर पर हुआ। उपखंड कार्यालय में सेवारत भव्य कटारिया को निर्वाचन शाखा से संबंधित कार्य समय पर संपादित करने के लिए सम्मानित किया गया। वहीं वन्य जीवों, गौमाता, पक्षियों के लिए करीबन 200 वाटर प्वाइंट पर जल व्यवस्था करने व क्षेत्र में होने वाली दुर्घटनाओं हेतु एंबुलेंस की नि:शुल्क सेवा देने के लिए आपणो गांव श्रीडूंगरगढ सेवा समिति का सम्मान किया गया। बता देवें मेडिकल इमंरजेसी में समिति की सेवाएं उल्लेखनीय है। यह लगातार समिति का दूसरा सम्मान है और इसे समिति के रामावतार सुथार व हरि शर्मा ने लिया। वहीं जिलास्तरीय जागरूक नागरिक का अवार्ड गांव बिग्गा के श्रवण कुमार को दिया गया। श्रवण ने एक बुजुर्ग की हत्या कर टैक्सी में बैठ कर भागने की फिराक में आरोपी गोपालनाथ की फोन पर बातचीत सुनकर जागरूकता के साथ टैक्सी को सीधे थाने पहुंचा कर आरोपी को पकड़वाने के लिए दिया गया है।















