






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2023। बिना ट्रिपिंग बिजली की मांग को लेकर क्षेत्र के किसानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और वैसे ही नेताओं के प्रयास भी बढ़ रहें है। आज गांव जाखासर, गुसाईंसर बड़ा, डेलवां, अभयसिंहपुरा गांवो के किसानों ने प्रदर्शन किया और बिजली मांगी। जलती फसलों के फोटो और ट्रिपिंग करते मीटर की सुई ने किसानों की नींद उड़ा दी है। आज विधायक गिरधारीलाल महिया ने बीकानेर पहुंच कर विभाग के आला अफसरों से वार्ता की और सख्त लहजे में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में बिना ट्रिपिंग के 6 घंटे बिजली किसानों को देने की मांग की। महिया ने कहा कि विभाग फिलहाल केवल फसलों को बचाने के लिए चिंतन करें और हर हाल में किसानों के हक की बिजली उन्हें देवें। महिया ने ग्रामीणों-किसानों के मांगपत्रों के आधार पर बिजली तंत्र का सुदृढ़ीकरण करने, प्रस्तावित बिजली कार्यों को लेकर भी विस्तृत चर्चा करने, साथ ही डिस्कॉम के पास लंबित प्रस्तावों की स्वीकृति करने, की वार्ता प्रबंध निदेशक से फोन पर की। महिया ने श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से प्राप्त प्रस्तावों पर त्वरित कार्रवाई करने के संबंध में निर्देशित किया।




