






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 अक्टूबर 2023। गांव ठुकरियासर के उत्तरादा बास में 150 घरों की आबादी गत 15 दिनों से पेयजल के लिए बुरी तरह से परेशान हो रही है। ग्रामीणों ने बताया कि टेंकरों की मोटी रकम से जेब पर जो अतिरिक्त भार बढ़ गया है उससे सामान्य परिवारों के खर्च का बजट भी गड़बड़ा गया है। आज शाम बंद पड़े ट्यूबवेल के पास ग्रामीण एकत्र हुए और आगे प्रदर्शन के लिए रणनीति बना रहें है। ग्रामीणों ने नारेबाजी करते हुए स्थानीय प्रशासन को जमकर कोसा। गांव के सीएलजी सदस्य राजकुमार शर्मा ने बताया कि खेत में फसलों की कटाई व अनाज निकलवाने के कार्य चल रहें है और ऐसे में पीने के पानी के लिए बुरी तरह से परेशानी उठानी पड़ रही है। ग्रामीण रेवंतराम शर्मा ने बताया कि सभी नेताओं व पेयजल विभाग के अधिकारियों से गुहार लगा कर परेशान हो गए है और कहीं सुनवाई नहीं हो रही है। इस दौरान संतोष मोटसरा, मघाराम नाई, मूलाराम मोटसरा, सुरजाराम भामूं, खेमाराम मोटसरा, बेगाराम मणियार, भंवरलाल सुथार, मांगीलाल भामूं, लूणाराम भामूं, तेजाराम मणिहार, खींयाराम मोटसरा, राजकुमार मास्टर, देवीलाल सारण, श्रवण मास्टर, ईमीलाल मोटसरा सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहें। सभी ने एक स्वर में शीघ्र पेयजल आपूर्ति करवाने की मांग की। पीएचईडी विभाग के जेईएन प्रीतम सिंह ने बताया कि मोटर की व्यवस्था कर ली गई है व कल शाम तक ट्यूबवैल से सप्लाई प्रारंभ करवा दी जाएगी।




