






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 अक्टूबर 2023। विधानसभा चुनावों में श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र का पहला बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम रविवार को होगा। यहां रविवार को आरएलपी सुप्रिमो हनुमान बेनीवाल अपनी सत्ता संकल्प यात्रा लेकर पहुंचेगें। वहीं शनिवार को कांग्रेस की पहली सूची आने के बाद क्षेत्र में जुमलेबाजी का दौर भी बढ़ गया है। वहीं ज्योतिष एवं सट्टा बाजार में भी गर्मी आ गई है। पढ़ें पूरी खबर।
रोड शो एवं जनसभा से आरएलपी दिखाएगी जोर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के संयोजक हनुमान बेनीवाल की सत्ता संकल्प यात्रा कल श्रीडूंगरगढ़ पहुंचेगी। यहां 1 बजे से रोड शो करते हुए वाहनों का काफिला 1:30 बजे वीर तेजाजी मंदिर धर्मशाला में पहुंच कर जनसभा में बदल जाएगा। यहां बेनीवाल जनसभा को संबोधित करेंगे और इस सभा को मेड़ता विधायक इंदिरा देवी बावरी, वरिष्ठ नेता सीताराम नायक, बॉडीबिल्डर प्रिया सिंह मेघवाल, डाक्टर विवेक माचरा, दानाराम घिंटाला सहित बीकानेर जिले के स्थानीय नेता भाग लेंगे। आरएलपी समर्थक जोश व उत्साह से आयोजन की तैयारियों में जुटें है।
पहली सूची के बाद शुरू हुआ जुमलेबाजी का दौर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लंबे इंतजार के बाद शनिवार को कांग्रेस की पहली सूची आने के बाद क्षेत्र के कांग्रेसी निराश हुए है। पहले चर्चा थी कि कांग्रेस की सूची 100 से भी ज्यादा नामों की होगी तो शायद श्रीडूंगरगढ़ का भी नाम शामिल हो व नेताओं द्वारा पहली सूची में अपनी अपनी टिकट आने के दावे भी किए जा रहे थे। लेकिन पार्टी द्वारा केवल 33 नामों की घोषणा की गई। ऐसे में क्षेत्र में गैर कांग्रेसियों ने जम कर राजनीतिक चर्चा का रस लेना शुरू कर दिया है। गैरकांग्रेसी नेताओं द्वारा कई जगहों पर यह जुमला कहते देखा गया कि “अरे कांग्रेस में टिकिट तो दिरा दयो, अरे किर सामे तैयारी करां कांग्रेसी बताव तो सरी, अरे किंगे सामे लड़नो है”। बहरहाल जो भी हो इन दिनों नवरात्र के समय में धार्मिक आयोजनों की धूम मची है और साथ ही चुनावी चर्चाओं की ओर भी नागरिकों का पूरा ध्यान है। गली नुक्कड़ के सक्रिय राजनीति के विश्लेषकों ने कांग्रेस में टिकिट की जबरदस्त खींचतान होने की बात कहते हुए अनेक दावेदारों के गिनवाते हुए कहा “ए ऊपर तांई घणो जोर लगा राख्यो है।”
ज्योतिष व सट्टा बाजार में सौदे की चर्चाएं।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अनेक नेता टिकिट मांगने के साथ ज्योतिषी की शरण में भी पहुंचे है। वे बताएं गए उपाय करने में तो जुटे ही है वहीं समर्थक भी अपने अपने नेताओं के लिए सवामणी सहित अनेकों पदयात्राएं व प्रसाद की बोलवा कर रहें है। दूसरी ओर कांग्रेस की टिकिट को लेकर सट्टा बाजार गर्म है और आज की टिकिट घोषणा के बाद भाव में उतार चढ़ाव दर्ज हो गया है। इस बीच परंपरावादी कांग्रेसी व आम कांग्रेसी जल्दी टिकिट की घोषणा हो जाने की बात कहते हुए इस देरी से कांग्रेस को नुकसान होने की बात कह रहें है। कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को चिंता है कि माकपा व भाजपा की तैयारियां जोरों शोरों से जारी है, वे गांवो में जनसंपर्क कर लोगों को अपने पक्ष में करने के प्रयास कर रहें है जिससे आम कांग्रेसी पेरशान हो रहें है।



