May 21, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 नवम्बर 2023। युवाओं के एकसाथ होते ही हीरोगिरी दिखाने का प्रयास महंगा पड़ रहा है एवं गुरूवार रात को भी सीकर जिले के चार युवाओं को इसी चक्कर में हवालात की हवा खानी पड़ी। गुरूवार रात दस बजे नेशनल हाईवे पर गांव कित्तासर के पास पुलिस की नाकाबंदी, सभी वाहनों को चैक कर जिले में प्रवेश दिया जा रहा एवं इसी समय सीकर की और से आई एक गाड़ी द्वारा नाकाबंदी तोड़ कर गाड़ी भगाई गई। गाड़ी को चैकिंग के रूकने का ईशारा किया गया तो गाड़ी में सवार लोगों ने गाड़ी रोकने के बजाए उसे और तेज गती से भगा लिया। ऐसे में नाकाबंदी से श्रीडूंगरगढ़ थाने को सूचना दी गई तो डयूटी आफिसर एएसआई पूर्णमल ने गाड़ी का पीछा कर लखासर टोल पर धर लिया। गाड़ी में सवार सीकर जिले के धोद थाना क्षेत्र के गांव बिंजासी निवासी 22 वर्षीय महेन्द्र पुत्र बिरजूसिंह, 24 वर्षीय राकेश पुत्र गणपतराम भार्गव, 24 वर्षीय संदीप पुत्र गोरधन जांगीड़ व 21 वर्षीय ओमप्रकाश पुत्र मूलचंद महला को शांति भंग के आरोप में धारा 151 के तहत गिरफ्तार किया गया। चारों युवक देशनोक माताजी के दर्शन करने जा रहे थे लेकिन आपस में मजाक मजाक में गाड़ी भगा ली और पुलिस के लिए वांछनीय बन गए। हालांकी इनके पास से किसी प्रकार का कोई अवांछनीय सामान भी नहीं मिला। विदित रहे कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था को लेकर क्षेत्र में पुलिस एवं प्रशासन चाक चौबंद है एवं लगातार कार्रवाहियां कर रहा है।