May 21, 2026
10-oct

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 नवबंर 2023। अंचल के एक गांव में अपने पीहर आई एक 20 वर्षीय विवाहिता का दो जनों ने बीती रात अपहरण किया व दुष्कर्म कर उसे रेलवे फाटक के पास रेत में पटक गए। युवती को अपनी बड़ी बहन के नम्बर याद थे और उसने किसी से मदद लेकर बहन को फोन किया। बहन ने घर वालों को सूचना दी तो परिजन उसे घर लेकर गए। आज सुबह विवाहिता ने अपने माँ व भाभी को पूरी बात बताई तो भाई ने थाने पहुंच कर अपने ही गांव के दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। परिवादी ने पुलिस को बताया कि 14 नवबंर की रात करीब 7.30 बजे उसकी विवाहिता बहन अपने ताऊ के घर से लौट रही थी। गांव के ही दो जनो ने जबरन उसका अपहरण कर लिया। रास्ते में एक दुकानदार ने देखा और परिवार को सूचना दी तो परिजन उसे ढूंढने लगे व आरोपी के घर जाकर ओलमा दिया। 8.30 बजे परिजन पुलिस थाने पहुंच गए और घटना की सूचना देते हुए पुलिस को लेकर गांव पहुंचे। आरोपी पीड़िता को कहीं छुपाकर वापस गांव आ गया था। आरोपी अपने साथियों के साथ बिना नंबरी ट्रेक्टर पर पीड़ित के घर में घुसे और माँ भाई व भाई के साथ मारपीट कर उन्हें चोटिल कर दिया। देर रात बड़ी बहन ने फोन कर घर में सूचना दी की पीड़िता श्रीडूंगरगढ़ रेलवे स्टेशन के फाटक के पास है और रो रही है। परिजनों ने उसे गांव से आए व घर ले गए। पीड़िता से आज सुबह तसल्ली से परिजनों ने पूछताछ की तो उसने बताया कि गांव के ही दो युवकों ने जबरदस्ती उसका अपहरण किया और लिखमादेसर फांटे के पास खड़े ट्रेलर में डाल दिया। ट्रेलर श्रीडूंगरगढ़ की ओर रवाना कर दिया व जान से मारने की धमकी देकर दोनों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया। बाद में रेलवे फाटक श्रीडूंगरगढ़ के पास रेत में पटक कर चले गए। उसने बताया कि मुझे बहन के मोबाइल नम्बर याद थे तो किसी से मदद लेकर उसे फोन किया। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच सीओ गोमाराम जाट को दे दी है।