May 21, 2026
IMG-20231115-WA0124

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 नवम्बर 2023। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र में गत पांच दिनों में लगातार हो रही दुर्घटनाओं में क्षेत्रवासियों की जान गवांने का सिलसिला क्षेत्रवासियों को भयभीत कर रहा है। गत शनिवार को दो, मंगलवार रात को दो मौतों के बाद बुधवार रात अभी अभी हुए एक हादसे में एक महिला की मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव केऊ के बस स्टैंड पर ही दो पिकअप आमने सामने टकरा गई। घटना में गांव मिंगसरिया निवासी 55 वर्षीया विमला देवी पत्नी बिरमाराम नायक की मृत्यु हो गई एवं केऊ निवासी 30 परमेश्वरलाल नाई को गंभीर अवस्था में बीकानेर रैफर किया गया है। वहीं घायल केऊ निवासी 25 वर्षीय त्रिलोक पुत्र हजारीराम, 20 वर्षीय अनिलसिंह पुत्र करणीसिंह, मिंगसरिया निवासी 50 वर्षीया मीरां देवी पत्नी पुराराम नायक को श्रीडूंगरगढ़ चिकित्सालय में उपचार दिया जा रहा है। बताया जा रहा है कि एक पिकअप केऊ से मसुरी जा रही थी एवं दूसरी केऊ की और आ रही थी व दोनो में आमने सामने की टक्कर हो गई। घायलों को आपणो गांव सेवा समिति की एम्बुलैंस से श्रीडूंगरगढ़ लाया गया जहां चिकित्सक नवरत्न गहलोत एवं मेडिकल टीम ने प्राथमिक उपचार दिया।