






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 21 दिसंबर 2023। केंद्र सरकार द्वारा विकसित भारत संकल्प यात्रा श्रीडूंगरगढ़ में चार दिन देरी से प्रारंभ हुई है। वैन एलॉट होने में हुई देरी के कारण यात्रा आज ग्राम पंचायत राजेडू व बापेऊ से प्रारंभ हुई है। यात्रा के क्रम में 16 दिसंबर को शेरूणा व देराजसर, 18 दिसंबर को सूडसर व टेऊ, 19 दिसंबर को दुलचासर व सांवतसर छूट गए है। प्राप्त जानकारी के अनुसार छूटी हुई ग्राम पंचायतों में 18 जनवरी के बाद यात्रा पहुंचेगी व जिला प्रशासन इस बारे में अगला कार्यक्रम जारी करेगा। कल 22 दिसंबर को यात्रा कल्याणसर नया व जाखासर ग्राम पंचायत में पहुंचेगी। पढें पूरी खबर विस्तार से-
बापेऊ व राजेडू में लगी योजनाओं की स्टालें, प्रतिभाओं का किया सम्मान, हुई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बापेऊ व राजेडू दोनों ग्राम पंचायतों पर सरपंचो की अगुवाई में यात्रा वैन का स्वागत किया गया। ग्रामीणों को लघु फिल्म दिखाई गई व 2047 तक विकसित भारत का संकल्प सैंकड़ो ग्रामीणों ने लिया। केंद्र सरकार द्वारा संचालित 17 योजनाओं के बारे में अलग अलग स्टालें लगाई गई। कृषि विभाग द्वारा मृदा कार्ड के बारे में जानकारी देते हुए मौके पर कार्ड भी वितरित किए गए। अन्य कृषि संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी ग्रामीणों को दी गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव राजेडू में 299 लोगों की जांच की गई जिनमें 136 को मरीजों को टीबी की जांच के लिए चिह्नित किया गया। गांव बापेऊ में 698 लोगों ने शिविर में अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। यहां स्वास्थ्य विभाग ने 32 ग्रामीणों की जांच की। 10 मरीजों को लाल रक्त कणिकाओं (सिकल सेल) की जांच के लिए चिह्नित किया तथा 7 मरीज टीबी के मरीजों को चिह्नित किया। गांव की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया व उज्ज्वला योजना में कनेक्शन के साथ चूल्हे वितरित किए गए। इस दौरान स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी।
चौधरी व राजवीर ने किया निरीक्षण, सरपंचो ने किया स्वागत, लाभार्थियों ने बताया अनुभव।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड अधिकारी मुकेश चौधरी ने बापेऊ में शिविर का निरीक्षण किया व तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा ने बापेऊ व राजेडू दोनों स्थानों पर पहुंचकर शिविरों का निरीक्षण किया। गांव बापेऊ में सरपंच चेतनराम ज्याणी की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में सभी विभागों के अधिकारियों का तिलक लगाकर फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। ग्रामीणों ने यहां ढोल नगाड़े बजाए और उत्साह के साथ शिविर में भाग लिया। सरपंच प्रतिनिधि ज्ञानाराम ज्याणी ने सभी का स्वागत करते हुए आभार भी जताया। ज्याणी ने बताया कि प्रधानमंत्री भवन निर्माण योजना पुन: प्रारंभ कर ग्रामीणों को लाभ दिया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि गांव 34 मकान बने व और भी बनाए जाने की जरूरत है। गांव के दानाराम व तोलाराम ने प्रधानमंत्री भवन निर्माण योजना का लाभ लेने के बारे में बताया और केंद्र सरकार का आभार भी जताया। और योजना पुन प्रारंभ करने की मांग भी की। 34 मकान बने है और बनाने है। गांव राजेडू में सरपंच मैथी देवी के प्रतिनिधि श्रीराम गरूवा की अध्यक्षता में शिविर का आयोजन किया गया। गरूवा ने बताया कि शिविर में केन्द्र की 17 फ्लैगशिप योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई व केंद्र सरकार के बारे में भी ग्रामीणों ने अनेक बातें विस्तृत रूप से समझी। यहां उपसरपंच पेमादेवी गोदारा ने सभी का आभार जताया। गांव के केसराराम लूहार व भेराराम सुथार ने उज्ज्वला योजना व प्रधानमंत्री भवन निर्माण योजना में लिए गए लाभ के बारे में बताते हुए प्रसन्नता जताई।





