May 21, 2026
10-oct

देराजसर हत्याकांड में अपडेट, दो और आरोपियों का लिया पुलिस ने रिमांड।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। देराजसर हत्याकांड में दो आरोपी बुधवार को गिरफ्तार किए गए उनका पुलिस ने आज 6 दिन का रिमांड लिया है। सेरूणा एसएचओ इंद्रलाल ने बताया कि अशोक जाखड़ (19) निवासी तेजरासर पीएस नापासर व देवेन्द्र राजपूत उर्फ बंटी (19) निवासी नूंवा पीएस राजलदेसर को गुरूवार को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस ने मामले की पड़ताल के छह दिन का पीसी रिमांड मांगा, जिसे न्यायालय ने स्वीकार कर लिया है। इससे पहले इसी मामले में पुलिस ने दो आरोपी महेंद्र नाथ व सलमान खान को सात दिनों की पीसी रिमांड पर ले रखा है। अब चारों आरोपियों को पुलिस एक साथ आगामी 2 जनवरी को दुबारा न्यायालय में पेश करेगी। हालांकि हत्या के कारणों का खुलासा पुलिस ने अभी तक नहीं किया है और पूछताछ के बाद संभव है कि मामले का पूरा खुलासा किया जाए।

किसान ने करवाया थाने में मामला दर्ज।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स ने कृषि मंडी के सामने हुई एक वारदता की खबर को तुरंत पाठकों तक पहुंचाया था। इस मामले में पीडित बेरासर निवासी 62 वर्षीय किसान रामुराम पुत्र टीकूराम सुथार ने थाने पहुंच कर दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। रामुराम ने पुलिस को बताया कि वह बरजांगसर की रोही में स्थित ढाणी में परिवार सहित रहता है और उसके खेत में बिजली का बिल 1,94 लाख का आया। वह बुधवार को बिजली विभाग में बिल भरवाने के लिए एक लाख रूपए थैले में नगदी लेकर आया। वह घुमचक्कर से बिजली विभाग की ओर पैदल रवाना हुआ तभी उसे दो युवकों ने बाइक पर बैठने व रेलवे स्टेशन का मार्ग बातने की बात कही। रामुराम को युवकों ने बिठाया व कृषि मंडी के सामने उतार दिया। उतरते ही उसे थैले से रूपए गायब होने की बात पता चली। उसने पुलिस को बताया कि वह दोनों युवकों को देखने पर पहचान भी कर सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई सुशीला को दे दी है।

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के शिविर में किया श्रमदान। 

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। यहां के श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के शिविर में अनेक स्वयं सेवकों ने श्रमदान किया। शिविर प्रभारी डॉ.राजेश सेवग ने बताया कि इस दौरान महाविद्यालय के बॉलीबॉल, कब्बडी मैदान की साफ सफाई की गई। शिविर में राष्ट्रीय सेवा योजना के महत्व विषय पर निबंध प्रतियोगिता का भी आयोजन हुआ। बालिकाओं ने राष्ट्र व राष्ट्रवाद विषय पर मंथन किया। शिविर में महावीर प्रसाद धामा, सुशील सुथार, मुकेश सैनी, दीनदयाल नाई मौजूद रहें।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ महाविद्यालय में छात्रों ने किया श्रमदान।