






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 फरवरी 2024। श्रीडूंगरगढ़ शहर का विस्तार चारों दिशाओं में हो रहा है, लगातार बढ़ती आबादी के बावजूद ट्रेफिक व्यवस्था सुधारने के लिए कोई पहल नहीं हो रही है। इस समस्या के निराकरण के लिए पालिका व पुलिस द्वारा गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। इसके समाधान के लिए कोई प्लान नहीं बनाया गया है और नतीजन बाजार के दो मुख्य मार्गों पर दिन में कई-कई बार लगने वाला जाम आमजन के लिए जंजाल बन गया है। लगातार बेहाल व्यवस्था पर खबरों का प्रकाशन हो रहा है परंतु समाधान की पहल कहीं नजर नहीं आने से नागरिक ना-उम्मीद हो रहें है। बाजार में घास मंडी रोड और गौरव पथ दो चौड़ी सड़के है और यहां दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है। बाजार में स्थित पुलिस चौकी के नजदीक दोनों स्थानों के आस पास स्थित दुकानों के व्यापारी और आमजन इस जाम से बुरी तरह से हैरान-परेशान है। लोग लगातार सुधार की मांग कर रहें है।
कटलों का नक्शों के विपरित हो रहा निर्माण, व्यापारी पार्किंग से परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बाजार की हर गली में कटला संस्कृति विकसित हो रही है। नित नए कटलों का निर्माण हो रहा है और अंडर ग्राउंड पार्किंग के साथ पास हुए नक्शों के नियमाें की धज्जियां उड़ाते हुए बिना पार्किंग व्यवस्था के कटलों का निर्माण हो रहा है। कटलों में पार्किंग के स्थान पर धड़ल्ले से दुकानें काटी जा रही है और पार्किंग की अनदेखी का नतीजा आमजन भुगतने को मजबूर है। बाजार की बिगड़ती ट्रेफिक व्यवस्था ने नागरिकों की नाक में दम कर दिया है। इन कटलों के व्यापारियों की बाइकें जो स्थान घेर लेती है उससे भी समस्या बढ़ ही रही है।
डिवाईडर पर खड़ी गाड़ियां से लग रहा है जाम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गौरव पथ व घास मंडी रोड दोनों ही चौड़ी सड़कें है और यहां सड़क के बीच में डिवाइडर के स्थान पर वाहन दिन भर खड़े नजर आते है। रोजाना बड़ी संख्या में क्षेत्र के गांवो से ग्रामीण सामान खरीदने बाजार पहुंचते है। ये अपने वाहनों को खड़ा करने के लिए इस डिवाइडर का ही प्रयोग करते है। खरीददारी में समय लगता है और अब तक कोई पिकअप या अन्य कोई बड़ा वाहन आने पर जाम की स्थिति की समस्या खड़ी हो जाती है। बता देवें सभी अस्पतालों के लिए, और मुख्य बाजार, सब्जी मंडी, रानी बाजार, कालू रोड, सरदारशहर रोड के आने जाने के लिए यही दोनों मुख्य मार्ग है।
समाधान की पहल हो, विभाग उठाएं जिम्मेदारी, बनाएं कोई प्लान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लगातार लोगों द्वारा और स्वयंसेवी संगठनों द्वारा प्रशासन से ट्रेफिक समस्या में सुधार की मांग की गई है। परंतु पालिका या पुलिस द्वारा ट्रेफिक कंट्रोल करने की जिम्मेदारी उठाते हुए कोई प्लान नहीं बनाया गया है। प्लान के अभाव में प्रतिदिन नागरिक परेशान हो रहें है। बाजार में रोजाना आमजन में यही चर्चा आम तौर पर जाम लगने के साथ हर बार होती है।
व्यापारी बने सहयोगी, उठाएं ये कदम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ट्रेफिक व्यवस्था सुधार के लिए बाजार के व्यापारियों द्वारा भी सकारात्मक भूमिका निभाने के साथ सहयोगी बनने की जरूरत है। व्यापारी अपनी दुकानों के आगे ना तो वाहन स्वयं खड़े करें और ना ही अन्य किसी को करने देवें। गांवो से आने वाले ग्राहकों से गाड़ी दूर गलियों में पार्क करने का आग्रह किया जाना भी जरूरी है।
पालिका उठाएं ये कदम, दे जनता को राहत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पालिका द्वारा मुख्य बाजार में पार्किंक की व्यवस्था पर ध्यान दिया जाना नितांत आवश्यक है। बाजार के व्यापारियों का कहना है कि पुराने टैक्सी स्टैंड पर पालिका की भूमि पर पालिका को पार्किंग स्थल बना देना चाहिए। इससे व्यापारियों सहित बाहर से आने वाले लोगों को वाहन खड़े करने की सुविधा मिल सकेगी। उनके वाहन सुरक्षित भी रह सकेगें जिससे वाहन चोरी की घटनाओं में भी कमी आ सकेगी। फिलहाल बढ़ते शहर की बड़ी जरूरत ट्रेफिक व्यवस्था के प्रति पालिका को संवेदनशील और जागरूक होकर कोई बड़ा स्टेंड लेना होगा। जिससे आने वाले बीस तीस वर्षों तक समस्या का स्थाई समाधान संभव हो सकें।
पुलिस प्रशासन निभाए जिम्मेदारी, जनता है परेशान।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आमजन की राय है कि पुलिस प्रशासन ट्रेफिक को लेकर अपनी जिम्मेदारी पर आंखे मूंद कर बैठा है। जनता दिन में अनेकों बार लगने वाले जाम से बुरी तरह से परेशान है। सीएलजी की हर एक बैठक में सीएलजी सदस्यों द्वारा इस मुद्दे पर ध्यान दिए जाने की आवश्यकता जताई जाती रही है। लगातार व्यापारियों की राय है कि पुलिस द्वारा व्यवस्था सुधार का कोई प्लान बनाया जाना चाहिए और उस पर वर्क भी हो, तो आमजन व व्यापारियों को राहत मिलें।










