May 20, 2026
0b86eb24-505c-47cb-b4ff-c03c43d67f94

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2020। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे में नेशनल हाईवे पर विवादित भूमि मुद्दे में आज गोरक्षनाथ बस्ती व वीर तेजा कॉलोनी के बाशिंदों ने उपखंड अधिकारी दिव्या चौधरी को ज्ञापन देते हुए कॉलोनी को कच्ची बस्ती में कन्वर्ट करने की मांग की है। बता देवें बस्ती के निवासियों ने पालिका व प्रशासन की कार्यवाही के बाद से ही संघर्ष समिति का गठन कर लगातार धरना दिया जा रहा था। कोरोना गाइड लाइन के चलते नागरिक घरों में गए थे तथा धरने के दौरान कई पार्टियों के नेता यहां पहुंचे और आगे कार्यवाही करने के लिए लोगों को आश्वस्त भी किया था। ये प्रकरण श्रीडूंगरगढ़ न्यायालय सहित जोधपुर न्यायालय में विचाराधीन है तथा विधानसभा तक इसकी गूंज सुनाई दी थी। बस्ती वासियों का कहना है कि राजनीतिक द्वेषता का शिकार यहां रहने वाले 200 परिवारों को बनाया गया है। बस्ती के लोगों द्वारा 23 दिसम्बर 2019 को हुई कार्यवाही का लगातार विरोध जताया जा रहा है। ज्ञापन में आज बस्तीवासियों ने काफी वर्षों से बस्ती बसे होना बताया व प्रमाण स्वरूप जानकारी दी कि ये भूमि नगरपालिका के अधिकार में नहीं है, यहां ग्रेवल सड़कें बनाई गई है, मौके पर गोरक्षनाथ मंदिर बना हुआ है, विद्युत कनेक्शन किए हुए है, बस्ती में ट्यूबवेल बना हुआ है। अब इसी आधार पर नागरिकों ने इसे कच्ची बस्ती में कन्वर्ट करने की मांग की है। ज्ञापन देने संघर्ष समिति के संयोजक हेमनाथ जाखड़, अध्यक्ष शिव तावणिया, कोषाध्यक्ष रामलाल सुथार, उपाध्यक्ष भवरलाल बुसिया, मंत्री देवकीनंदन शर्मा सहित प्रतिनिधि मंडल उपस्थित रहा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गोरक्षनाथ बस्ती का प्रतिनिधि मंडल उपखंड अधिकारी दिव्या चौधरी से मिला।