






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 मार्च 2024। बीती रात करीब 8.30 बजे कालूबास में गोगामेड़ी के पास दूध लेकर अपने घर लौट रहें एक युवक पर पिकअप सवार युवकों ने हमला कर दिया। जिससे युवक घायल हो गया व घायल का ईलाज अस्पताल में चल रहा है। घायल युवक के छोटे भाई ने थाने पहुंच तीन नामजद के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। 22 वर्षीय लालसिंह पुत्र मदनसिंह राजपुरोहित निवासी बावरला, डेगाना ने मामला दर्ज करवाते हुए पुलिस को बताया कि वह कई वर्षों से कालूबास में किराए के मकान में अपने बड़े भाई शुभकरणसिंह के साथ रहता है। सोमवार रात 8.30 बजे शुभकरणसिंह बाजार से दूध लेकर घर आ रहा था। गोगामेड़ी के पास उसके पास एक कॉल आया और वह सड़क पर रूक कर बात कर रहा था। तभी एक पिकअप ने उसे टक्कर मारकर नीचे गिरा दिया। पिकअप में कमल महिया, किशन नैण, रामचंद्र नैण सहित एक अन्य जना सवार थे। तीनों नामजद आरोपी नीचे उतरे और लाठियों से परिवादी के भाई के साथ मारपीट करने लगे। परिवादी को सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचा तो आरोपी गाड़ी लेकर भाग गए। परिवादी ने अपने मामा मोहनसिंह के साथ मिलकर घायल को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई इंद्रलाल को दे दी है।




