May 22, 2026
0000010101

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 मार्च 2024। क्षेत्र का गांव मोमासर अपने रंगीले आयोजनों के लिए विश्व पटल पर अपनी विशेष पहचान कायम करने में कामयाब हुआ है। जब बात रंगो की आती है तो चंग धमाल के साथ प्रसिद्ध गिंदड़ आयोजन के लिए मोमासर की होली के दृश्य आंखो के सामने घुमने लगते है। प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी गांव मोमासर के मुख्य चौक पर 22, 23 व 24 मार्च को तीन दिवसीय होली का रंगीला आयोजन होगा। आयोजन की तैयारियां गांव में प्रारंभ हो गई है। उपसरपंच जुगराज संचेती की अगुवाई में पंचो, व्यापारियों, गांव के सक्रिय युवाओं, संगठनों के पदाधिकारियों व स्वयंसेवकों की बैठक का आयोजन किया गया। बुधवार को हुई बैठक में गणमान्य नागरिकों ने होली का उत्सव स्वच्छ ढंग से मनाए जाने व गांव की परंपराओं का निर्वहन करने के लिए युवा शक्ति को मोर्चा संभालने का आह्वान किया। जुगराज संचेती ने गांव के इस सामूहिक आयोजन को गांव की परंपरागत धरोहर बताते हुए इसे सफल बनाने के लिए प्रयास करने की प्रेरणा दी। संचेती ने कहा कि प्रत्येक ग्रामीण इसमें शामिल हो व आयोजन को सफल बनाने के लिए अपना योगदान देवें। बैठक में मौजूद सभी ग्रामीणों ने एक स्वर में कार्यक्रम की रूपरेखा बनाने व कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया।