May 20, 2026
0b86eb24-505c-47cb-b4ff-c03c43d67f94

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 सितबंर 2020। श्रीडूंगरगढ़ में बीकानेर-जयपुर ट्रेन के ठहराव के लिए श्रीडूंगरगढ के नागरिकों को एकजुटता से प्रयास करने की आवश्यकता है। रेलवे द्वारा बीकानेर से जयपुर वाया रतनगढ़ ट्रेन गत 4 सितबंर से 15 सितबंर तक 12 फेरें चलाई जा गई है। ये ट्रेन अभी ट्रायल मोड पर है और श्रीडूंगरगढ में ठहराव नहीं दिया गया है। इस सवारी गाड़ी को आगे भी नियमित करने की योजना भी बनाई जा रही है और ठहराव में श्रीडूंगरगढ़ का नाम शामिल नहीं है। दूसरी ओर इसी गाड़ी को वाया नोखा चलाए जाने का पूरा प्रयास नोखा के राजनीतिज्ञों द्वारा किया जा रहा है। जबकि श्रीडूंगरगढ़ रूट से जयपुर के लिए कोई पेसेन्जर या साप्ताहिक गाड़ी नहीं होने से इस रूट पर इसे चलाए जाने की आवश्यकता अधिक है। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में विद्यार्थी व व्यवसायी जयपुर रहते है और लंबे समय से सभी की मांग रही है कि बीकानेर जयपुर ट्रेन चलाई जाए। अब विभाग इस ट्रेन को नियमित चलाने की तैयारी कर रहा है परन्तु हमारे क्षेत्र के निवासियों को सुविधा मिल सकेगी इसका संशय है। हालांकि जागरूक नागरिकों में इसकी सुगबुगाहटें प्रारम्भ हो चुकी है और इसमें नागरिकों के जुड़ने की आवश्यकता है। रेलवे स्टेशन अधीक्षक राजकुमार सोनी ने बताया कि इस गाड़ी की विशेषता यह है कि यह बीकानेर से सुबह 6 बजे चलती है व श्रीडूंगरगढ 6.50 पर पहुंच जाती है रतनगढ, चूरू, फतेहपुर, सीकर, रींगस, चौमू, जयपुर 12.30 पहुंचती है। जयपुर से शाम 5 बजे रवाना होकर रात 10 बजे श्रीडूंगरगढ पहुंच जाएगी व रात 11.20 पर समय से पहले ही बीकानेर पहुंच रही है। ट्रेन अपने समय से पूर्व चल रही है और इससे श्रीडूंगरगढ़ में ठहराव की मांग हो तो ठहराव संभव हो सकेगा। रेल सेवा समिति के मंत्री विनोद गिरी गुसाईं ने बताया कि इस संबध में सांसद व रेलवे के उच्चाधिकारियों से चर्चा की जा रही है। समिति इसके लिए पूरा प्रयास करेगी व ट्रेन का ठहराव क्षेत्र के हितार्थ करवाया जाएगा जिससे यहां के नागरिकों को इसका लाभ मिल सके। अब आवश्यकता है कि क्षेत्र के आम नागरिक, सामाजिक संस्थाऐं, राजनीतिज्ञ, सामाजिक कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद भूलाकर एक मंच पर आकर बीकानेर जयपुर ट्रेन के ठहराव की मांग कर इसे रूकवाने का प्रयास करना होगा।