






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जून 2024। गत दो माह से धूप-गर्मी, आंधी-बरसात में एक गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे जीवन बसर कर रहा है। ऐसे में गांव धीरदेसर पुरोहितान के ग्रामीणों ने एक प्रेरणीय पहल करते हुए गरीब परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया और उसके लिए मकान का निर्माण प्रारंभ करवा दिया है। हुआ ये कि गांव के कानाराम नाई का जर्जर मकान बीते वर्ष हुई तेज बरसात में ढह गया। पत्नी व चार बेटियों के साथ मिलकर कानाराम ने खेत काश्त पर लिया और उसी खेत में झौंपड़ा बनाकर रहने लगे। ये कड़ी मेहनत के साथ गुजर बसर कर रहें थे। परंतु काल की मार से 5 अप्रैल 2024 को जब परिवार खल्ला निकाल रहा था तभी उनकी छोटी बेटी झौंपड़े में चाय बनाने गई। चूल्हे से उठी चिंगारी ने झोंपड़े में आग लगा दी और राशन, बिस्तर सहित गृहस्थी का सारा सामान जलकर खाख हो गया। ग्रामीणों ने उस समय राशन कपड़ो की मदद की और सरकारी मदद के लिए गुहार लगाई। परंतु अभी तक सरकारी सहायता दूर की कौड़ी ही रही। कानाराम की स्थिति देखकर ग्रामीण युवाओं ने सहयोग का बीड़ा उठाया। युवाओं ने मिलजुल कर पूरे गांव से सहयोग एकत्र करके कानाराम के परिवार के लिए आवासीय मकान का निर्माण कार्य प्रारंभ करवा दिया गया है। किसी ने नगद राशि दी है तो किसी ने ईंट डलवाई है, किसी ने सीमेंट दी तो कोई बजरी दे रहा है। गांव के अनेक लोगों ने गरीब परिवार की सहायता है लिए अपनी इच्छानुसार सहयोग दिया व दे रहें है। आस पास के गांवो के ग्रामीणों सहित जागरूक लोगों ने इस प्रयास की सराहना की है। कानाराम ने टाइम्स को बताया कि ग्रामीणों के सहयोग से उसके परिवार के लिए मकान की उम्मीद पूरी होती नजर आ रही है। उसने गद्गद भाव से युवा टीम के प्रयासों के लिए व ग्रामीणों को सहयोग के लिए आभार जताया। अगर आप भी इस नेक कार्य में सहयोगी बनना चाहे तो वे इसका लिए आय व्यय का कार्य देख रहें गांव के युवा श्रवणसिंह राजपुरोहित से 8529990662 पर संपर्क कर सकते है।







