May 21, 2026
00000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 6 जुलाई 2024। वर्ष 2018 के अप्रैल माह में क्षेत्र के दो युवाओं ने देश के लिए शहादत दी थी एवं इनकी शहादत के साथ ही श्रीडूंगरगढ़ के देशभक्तों में बही देशभक्ति की बयार ने 26 जुलाई 2018 को श्रीडूंगरगढ़ में ऐतिहासिक कारगिल विजय दिवस समारोह का आयोजन करवाया था। इस विजय दिवस के आयोजन में क्षेत्र में करीब 1 हजार स्थानों पर एकसाथ राष्ट्रगान हुआ था। तब से क्षेत्र के सक्रिय कार्यकर्ता इस मुहिम को ओर अधिक बड़ा करने का प्रयास कर रहे थे। श्रीडूंगरगढ़ से वर्ष 2018 में उठी इस आवाज की गूंज छह वर्षों बाद प्रदेश स्तर पर सुनाई दे रही है। शनिवार को राज्य के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने इस बार मनाए जाने वाले 25वें कारगिल विजय दिवस पर पूरे राज्य भर में सामूहिक राष्ट्रगान करने के निर्देश दिए है। मंत्री ने आगामी 26 जुलाई को पूरे प्रदेश के सभी सरकारी व निजी स्कूलों में 11.25 पर सामूहिक राष्ट्रगान करने व दो मिनिट का मौन रखकर शहीदों के नाम श्रद्धाजंलि कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही है। शहीद सम्मान समिति के सीताराम सिहाग ने बताया कि वर्ष 2018 में समिति द्वारा वर्ष 2000 में शहीद हुए कैप्टन चंद्र चौधरी, वर्ष 2018 में शहीद हुए नायक राकेश चोटिया व सैनिक हेतराम गोदारा की शहादत को नमन करने के लिए क्षेत्र में समस्त स्कूलों, राजकीय कार्यालयों, सामूहिक स्थलों पर तीनों शहीदों की तस्वीरें वितरण की गई थी एवं श्रीडूंगरगढ़ में मुख्य श्रृद्धाजंलि कार्यक्रमों के साथ करीब 1000 जगहों पर श्रृद्धांजलि कार्यक्रम एवं 11.25 बजे सामूहिक रूप से लाखों क्षेत्रवासियों द्वारा राष्ट्रगान गाया गया था। श्रीडूंगरगढ़ से शुरू इस मूहिम को आगे बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय शहीद सम्मान समिति द्वारा गत वर्ष संभागीय आयुक्त द्वारा नीरज के पवन के आगे प्रस्ताव भी रखा गया था। नीरज के पवन की पहल पर गत वर्ष से ही यह प्रस्ताव शिक्षा विभाग को भेजा हुआ था। जिस पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने यह निर्णय लिया है। गत वर्ष भी बीकानेर जिले के सभी स्कूलों में एकसाथ राष्ट्रगान का पाठ करने और शहीदों को नमन करने का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इस वर्ष यह आयोजन पूरे प्रदेश के सभी स्कूलों में एकसाथ होगा और इसी के साथ श्रीडूंगरगढ़ से उठी आवाज की गूंज पूरे प्रदेश में सुनाई देगी। सिहाग ने बताया कि समिति सदस्यों का सपना है कि विजय कारगिल दिवस को पूरे देश में एकसाथ मनाया जाए और ये भी अतिशीघ्र ही पूरा करने के प्रयास जारी है। बता देवें 26 जनवरी 2020 को बीकानेर जिला प्रशासन द्वारा शहीद सममान समिति को सम्मानित भी किया गया था।