May 21, 2026
0000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 जुलाई 2024। अंचल के गांवो में कम बिजली आपूर्ति और कम वोल्टेज को लेकर किसान और ग्रामीण बुरी तरह से परेशान हो रहें है। गांव बरजांगसर में किसान पूरी बिजली व पूरे वोल्टेज के साथ लेने के लिए त्राहि-त्राहि कर रहें है। वहीं गांव ठुकरियासर में मरे हुए वोल्टेज ने खेतों में नहीं किसानों की आंखो में पानी भर दिया है। गांव डेलवां में करीब डेढ़ सप्ताह से 2 पोल के टूटे होने से आपूर्ति बाधित है और ग्रामीण लगातार विभाग द्वारा सुनवाई नहीं करने की शिकायत कर रहें है। गांव सुरजनसर में एलडी के नाम पर हो रही कटौती से ग्रामीण निराश है और विभाग के खिलाफ रोष जता रहें है। ऐसे माहौल में क्षेत्र के नेता आंदोलन की राह पर बढ़ रहें है। बिजली के लिए पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया ने 24 जुलाई को उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किए जाने की बात कही। वहीं क्षेत्र में विधायक चुनाव में आरएलपी से प्रत्याशी रहें डॉ विवेक माचरा ने सरकार को चेतावनी देते हुए किसानों को पूरी बिजली देने की मांग की है। माचरा ने क्षेत्र में उत्पन्न बिजली संकट पर विभाग विभाग के आला अधिकारियों से बातचीत की और अपना रोष जताया है। उन्होंने जिला प्रशासन से पूरी बिजली, पूरा वोल्टेज, व खराब ट्रांसफार्मर तुरंत बदलने की मांग की है। माचरा ने टाइम्स को बताया कि विभागीय अधिकारी एसी चलाकर बैठे है और किसान धूप में तपकर अपनी फसलों के लिए पानी की गुहार लगा रहें है। उन्होंने शीघ्र समाधान नहीं होने पर सड़क पर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ठुकरियासर में वोल्टेज ने किसानों को किया आहत, मांग रहें पूरे वोल्टेज के साथ पूरी बिजली।