May 21, 2026
evening

31 अगस्त को सुबह 7 बजे रवाना होगा पदयात्री संघ

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। डोर टू डोर सेवा समिति, श्रीडूंगरगढ़ का संघ 31 अगस्त 2024 को सुबह 7 बजे रवाना होगा। सोमवार शाम बिग्गाबास के डागा भवन में संघ सदस्यों की ओमप्रकाश मूंधड़ा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। संघ के व्यवस्थापक संजय कुमार करनाणी ने बताया कि बाबा रामदेव मंदिर से संघ की रवानगी होगी तथा रवानगी से रामदेवरा पहुंचने तक मार्ग की समुचित व्यवस्था संघ की होगी। संघ सदस्यों ने यात्रा संबंधी तैयारियों के लिए आपसी जिम्मेदारी तय की और व्यवस्था संबंधी तैयारी प्रारंभ कर दी। इस दौरान बैठक में चैनरूप सिखवाल, महावीर प्रसाद जांगीड़, सत्यनारायण छापोला, किशन बासनीवाल, मुकेश प्रजापत, हनुमान बिहानी, मघराज मूंधड़ा, महेश सिखवाल, श्रीभगवान झंवर, लालचंद शर्मा, शशिकांत गट्टाणी, गणेश ओझा, जीतू सिन्धी, ओमप्रकाश छापोला, परमेश्वरलाल गोदारा, अनिल सिन्धी, सुनील सिखवाल, किशोर मारू, गोपाल नाई, रामवतार शर्मा, विनोद कुमार माली, रमेश शर्मा, शांतिप्रकाश माहेश्वरी एवं त्रिलोक रेगर सहित अनेक सदस्य मौजूद रहें।

श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर तक क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक शाखाओं में किया पौधारोपण।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बडौदा राजस्‍थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक द्वारा सोमवार को नाबार्ड के सहयोग से उच्‍च माध्‍यमिक विद्यालय, सेरूणा में वित्तीय जागरुकता कार्यक्रम के साथ पौधारोपण किया गया।
इसके माध्यम से विद्यालय के विद्यार्थियों में जागरुकता के उद्देश्य से वित्तीय समावेशन संबंधित प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया। विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप एक-एक पौधा दिया गया। साथ ही इसकी देखभाल का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम के दौरान डिजिटल फ्रॉड से बचने तथा इंटरनेट के माध्‍यम से सही वेबसाइट्स की विजिट की अपील की गई। वहीं भारतीय रिजर्व बैंक तथा नाबार्ड द्वारा किये जा रहे कार्यों पर आधारित फिल्‍म दिखाई गई। अवसर पर नाबार्ड द्वारा श्रीडूंगरगढ़ से बीकानेर तक की सभी क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर पौधारोपण किया गया। बैंकों के वित्‍तीय सलाहकार मेनपाल शेखावत ने सामाजिक सुरक्षा योजना, मुद्रा योजना तथा उघम विकास योजना पर प्रकाश डाला। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक रमेश ताम्बिया ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण (पीएमएफएमई) योजना-प्रधानमंत्री सूक्ष्‍म उद्यमों का संबल योजना के बारे में बताया। महिलाओं को नाबार्ड की हितकारी योजनाओं से जुडने का आह्वान किया।

दलित, आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना: बुधवार को बीकानेर में आयोजित होगा विशेष जागरूकता शिविर।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजस्थान दलित, आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत बुधवार को बीकानेर पंचायत समिति में सुबह 11 से सायं 4 बजे तक विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक मंजू नैण गोदारा ने बताया कि शिविर के दौरान पात्र व्यक्तियों को उद्यम की स्थापना, विस्तार, विविधिकरण व आधुनिकीकरण के लिए विभिन्न प्रकार की वित्तीय सहायता, अनुदान एवं अन्य सुविधाओं संबंधी प्रावधान से संबंधित जानकारी दी जाएगी एवं आवेदन पत्र तैयार करवाकर बैंको को प्रेषित किये जाएंगे। उन्होंने बताया कि योजनान्तर्गत आवेदन करने के लिए इच्छुक अभ्यर्थी को शिविर के दौरान दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, मूल निवास प्रमाण पत्र, पैन कार्ड, बैंक पासबुक, आदि आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर आने होंगे। उन्होंने बताया कि औद्योगिक विकास में अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्गों की प्रभावी भागीदारी के लिए डॉ. भीमराव अम्बेडकर राजस्थान दलित, आदिवासी उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत पंचायत एवं खण्ड स्तर पर विशेष जागरूकता शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इसी श्रंखला में यह आयोजन होगा।

विशेष योग्यजन विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना के तहत आवेदन आमंत्रित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा विशेष योग्यजन विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त निदेशक एल.डी. पंवार ने बताया कि राजकीय एवं मान्यता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं में नियमित अध्ययनरत ऐसे दिव्यांग विद्यार्थी, जिनके परिवार की वार्षिक आय 2 लाख रुपए से अधिक न हो, छात्रवृत्ति के लिए पात्र होंगे। उन्होंने बताया कि आवेदक पूर्व में अन्य किसी प्रकार की छात्रवृत्ति एवं भत्ता राज्य सरकार अथवा स्वयसेवी संस्था या ट्रस्ट से प्राप्त नहीं कर रहा हो तथा आवेदक के पास अधिकृत चिकित्सा अधिकारी या बोर्ड द्वारा जारी 40 प्रतिशत या अधिक का निःशक्तता प्रमाण पत्र होना चाहिए। आवेदक को राजस्थान का मूल निवासी होना आवश्यक है।
संयुक्त निदेशक पंवार ने बताया कि कक्षा 1 से 4 तक पांच सौ रुपए प्रतिमाह एवं कक्षा 5 से 8 तक छह सौ रुपए का प्रतिमाह की छात्रवृत्ति देय है। उन्होंने बताया कि कक्षा 9 से उच्चतर अध्ययन हेतु छात्रवृत्ति के आवेदन भारत भारत सरकार द्वारा नेशनल ई-स्कॉलरशिप योजनान्तर्गत संचालित पोर्टल www.scholarships.gov.in पर आमंत्रित किए गए हैं। आवेदक को आवेदन के साथ मूल निवास प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र, गत वर्ष की अंकतालिका, बैंक पास बुक प्रति एवं निःशक्तता प्रमाण पत्र की प्रति संलग्न करनी होगी।

अल्पसंख्यक समुदाय के व्यक्तियों को ऋण हेतु ऑनलाईन आवेदन पत्र आमंत्रित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजस्थान अल्पसंख्यक वित्त एवं विकास सहकारी निगम लिमिटेड द्वारा अल्पसंख्यक समुदाय (मुस्लिम, जैन, सिक्ख ईसाई, पारसी एवं बौद्ध) के जरूरतमंद व्यक्तियों को वर्ष 2024-25 के लिये कारोबारी ऋण तथा शैक्षणिक ऋण प्रदान करने हेतु ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी राजेश कुमार कालवा ने कहा कि इच्छुक व्यक्ति मिलन सॉफ्टवेयर के लिंक https://milannmdfc.org द्वारा ऑनलाइन आवेदन कर अल्पसंख्यक समुदाय के उत्थान हेतु संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। आवेदक ऋण आवेदन सम्बन्धी विस्तृत जानकारी हेतु विभाग की वेबसाइट अथवा कार्यालय समय में व्यक्तिगत तथा दूरभाष संख्या 0151-2201008 पर सम्पर्क कर सकते हैं।