May 21, 2026
WhatsApp Image 2024-07-22 at 20.12.43

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 जुलाई 2024। क्षेत्र के गांव बीझांसर की रोही से सोमवार को एक ह्रदय विदारक घटना सामने आई है। यहां दो मामा-भुआ के युवा भाईयों की करंट लगने से मौत हो गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बींझासर रोही में स्थित एक खेत में दो ट्यूबवैल पर मामा भुआ के दो काश्तकार परिवारों के युवा पुत्र काल का शिकार हो गए है। करंट की चपेट में आने से खारड़ा निवासी 25 वर्षीय आसुराम पुत्र राजूराम जाट तथा इसकी भुआ का बेटा कुचौर अगुणी निवासी 25 वर्षीय मनोज जाट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मृतक आसुराम का भाई पूरबाराम गंभीर घायल हो गया। घायल को बीकानेर पीबीएम ले जाया गया है। जहां वह उपचाराधीन है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए और दो युवा किसान पुत्रों की मौत पर हर किसी की आंख नम हो गई। दोनों युवक विवाहित थे और हर एक ग्रामीण नियती को कोस रहा है। परिजनों का विलाप देखकर हर एक की आंखो से आंसू बह रहें है। एडिशनल एसपी प्यारेलाल शिवराण ने बताया कि परिजनों ने इस संबंध में किसी पर कोई शक शुबा नहीं होने की बात कहते हुए कोई मामला दर्ज नहीं करवाया है। दोनों शवों का गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

11 हजार की लाइन का तार टूटा, करंट ने लिया चपेट में..

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। यहां खेत में सोमवार करीब 4 बजे आई आंधी बरसात से 11 हजार लाइन का तार टूट कर ट्रांसफार्मर की जाली पर गिर गया। दोनों मृतक युवक खेत में लाइन बदल कर स्वीच रूम की ओर आए। ग्रामीणों ने बताया कि स्वीच रूम में पहले से मौजूद पूरबाराम को करंट लगा। यहां दरवाजे को छूते ही आसुराम करंट की चपेट में आया और उसे छुड़वाने के लिए तुरंत उसे छू लेने पर मनोज को करंट लगा। करंट से दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिजन पूरबाराम को पीबीएम ले गए वहीं मनोज व आसुराम के शव उनके गांव के पैतृक घर में ले जाए गए जहां अंतिम संस्कार किया गया। दोनों के ही घरों में मौत का कोहराम मचा है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तार टूट कर गिरने से अर्थिंग और करंट एक हुए और चपेट में आए दो युवक, मौके पर ही गवांए प्राण।