






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 जुलाई 2024। जैसलसर ग्राम पंचायत के तीनों गांव जैसलसर, सातलेरा व अभयसिंहपुरा में शुक्रवार से मेगा पौधारोपण अभियान प्रारंभ होगा। गांव के सक्रिय युवा मनीष गिरी ने बताया कि अभियान के तहत तीनों गांवों में 2000 पौधे लगाकर हरित गांव की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। गुरूवार को बीकानेर की नर्सरी से उन्नत किस्म के छायादार व फलदार पौधे खरीदकर एक बड़े ट्रोले में गांव लाए गए है। शुक्रवार को पर्यावरणविद् श्यामसुदंर ज्याणी की अगुवाई में अनेक जनप्रतिनिधियों, मौजिज ग्रामीणों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर पौधारोपण कर अभियान प्रारंभ किया जाएगा तथा उसके पश्चात हर घर दो पौधे वितरित कर उन्हें वृक्ष बनाने का संकल्प भी ग्रामीणों से करवाया जाएगा। मरीष ने बताया कि इस दौरान आगामी सप्ताह में “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत भी कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। अभियान को लेकर गांव में उत्साह का माहौल है और युवा वर्ग जोश के साथ तैयारियों में जुटे है। गांव के बुजुर्गों ने बताया कि जैसलसर ग्राम पंचायत में हरियाली की खासी कमी है जिसे दूर करने के लिए अब प्रत्येक ग्रामीण अपनी भागीदारी निभाते हुए पौधारोपण कर जिम्मेदारी उठाएंगे। इससे गांव में हरित गांव का माहौल बनेगा जिससे प्रकृति संरक्षण में योगदान दिया जाएगा।






