






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 सितम्बर 2020। कृषि अध्यादेशों के खिलाफ भारत बंद के आह्वान में भले ही अखिल भारतीय किसान सभा ने सर्मथन देते हुए श्रीडूंगरगढ़ भी बंद करवाने की घोषणा की थी। लेकिन बंद का आह्वान क्षेत्र में पूर्णतया बेअसर रहा एवं मंडी सहित कस्बे के समस्त बाजार पूर्णतया खुले रहे। अखिल भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति के आह्वान पर बंद व विरोध प्रदर्शन क्षेत्र में एकदम फीका रहा। बंद करवाना तो दूर विरोध प्रदर्शन के लिए भी किसान निर्धारित समय पर एकत्र नहीं हो पाए। लंबे इंतजार के बाद कुछ सम्मानजनक संख्या हुई तो अखिल भारतीय किसान सभा के बैनर तले किसान नेताओं ने घुमचक्कर से उपखण्ड अधिकारी कार्यालय तक विरोध जुलूस निकाला एवं नारेबाजी कर कृषि अध्यादेशों पर रोष जताया। किसान नेताओं ने इन बिलों को वापस लेने सहित 11 सूत्रीय मांगपत्र राष्ट्रपति को एवं 9 सूत्रीय मांगपत्र मुख्यमंत्री को भेजा। विरोध प्रदर्शन की अगुवाई किसान सभा के जिला कोषाध्यक्ष मोहन भादू, तहसील अध्यक्ष अमर गिरी गोस्वामी, तहसील सचिव गोपाल भादू, कान नाथ सिद्ध, उपसरपंच टेऊ लालुराम सारण, सरपंच सुनील मेघवाल, भंवरलाल भूंवाल, राजेंद्र जाखड़, एसएफआई के मुकेश सिद्ध, विवेक लावा, कृष्ण गोदारा आदि ने किया।





