






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2024। सूडसर में अवाड़ा कंपनी पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए धरने पर बैठे सूडसर किसान राहत संघर्ष समिति के किसानों व कंपनी के बीच लंबी वार्ता के बाद वार्ता सफल रही है। किसानों ने 22वें दिन धरना उठाकर समाप्ति की घोषणा कर दी है। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया की अगुवाई में सोमवार को दिनभर धरना जारी रहा। मौके पर तहसीलदार राजवीरसिंह कड़वासरा, एसडीएम कोर्ट से विनोद कुमार, सूडसर उपतहसीलदार राजेन्द्र कुमार, सेरूणा थानाधिकारी पवन शर्मा सहित अवाड़ा कंपनी के अधिकारी पहुंचे। महिया की अगुवाई में करीब तीन घंटे लंबी वार्ता चली और किसानों की मांगो पर सहमति के साथ धरना समाप्त हुआ। तहसीलदार राजवीर सिंह कड़वासरा ने गतिरोध दूर होने पर सभी का आभार जताया। बता देवें किसानों की सौलर प्लांट में जमीन अवाप्ति वाले परिवारों को नौकरी देने, सूडसर की फर्मों से ही काम करवाने, किसानों व मजदूरों के हित में गांव में उपलब्ध संसाधनो को ही प्राथमिकता देने, स्थानीय तकनीकी हैल्पर, आईटीआई डिप्लोमाधारी, बीटेक के बेरोजगार नौजवानों केा ऑन रोल जॉब देने, पर्यावरण के नुकसान की नए प्लांट लगाकर भरपाई करने, काले शीशे वाली बाहर की गाड़ियों पर रोक लगाने, गांव के विकास कार्यों में कुछ हिस्सा खर्च करने की मांगें थी जिन पर लंबी वार्ता के बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई है।



