May 20, 2026
00000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 सितंबर 2024। कभी कभार क्षेत्र में ऐसी घटनाएं सामने आती है जिनसे सह्रदय लोगों के मन करूणा से भर जाते है। क्षेत्र के गांव मोमासर में बंधिया जोहड़ के पास रहने वाले एक जरूरतमंद परिवार के झोंपड़े में सोमवार सुबह आग लग गई। इस परिवार का मकान गत मानसून में करीब तीन माह पूर्व ढह गया। जैसे तैसे परिवार ने झोंपड़ानुमा आशियाना फिर से बसाया और आज सारे सामान के साथ आशियाना जलकर खाख हो गया। आग में परिवार के पास पहनने बिछाने के कपड़े भी शेष नहीं बचे है। भंवराराम पुत्र रामूराम मेघवाल ने बताया कि उसकी मां धन्नीदेवी परिवार सहित झोंपड़ा बनाकर बंधियां जोहड़ के विद्युत जीएसएस के पास रहती है। सुबह करीब साढ़े आठ बजे अचानक अज्ञात कारण से झोंपड़े में आग लग गई। आग में परिवार के जरूरी कागजात, बिस्तर, माचे, राशन का सामान, कुछ नकदी व चांदी के कड़े, सोने की टूम जल कर राख हो गई। खेत में काम करने के दौरान उन्हें घटना की जानकारी मिली तो परिवार दौड़ कर मौके पर पहुंचा और अपनी किस्मत को कोसता रहा। आस पास के ग्रामीणों ने एकत्र होकर आग बुझाई। महिला के पड़ोसियों ने सरपंच सरिता देवी संचेती व प्रशासन सहित दानदाताओं से भी जरूरतमंद परिवार की मदद करने की गुहार लगाई है।