






मंथन का रंगारंग उत्सव होगा कल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेसोमूं स्कूल में रविवार को 24वां वार्षिकोत्सव मंथन धूमधाम से मनाया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार होंगे। समारोह में सम्मानित अतिथि पूर्व छात्र आरएएस धीरज जोशी, विशेष अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी गजानंद सेवग होंगे। इस अवसर पर छात्र-छात्राएँ गणेश वंदना, सरस्वती वंदना, राजस्थानी नृत्य, विभिन्न प्रांतीय नृत्य, स्पोर्ट्स थीम डांस, गुरु-दक्षिणा थीम डांस, पंजाबी डांस, कत्थक, मारवाड़ी नाटक, हिंदी-अंग्रेज़ी नाटक, ऑर्केस्ट्रा, योगा डिस्प्ले और ग्रांड फिनाले जैसी रंगारंग प्रस्तुतियां देंगे। प्राचार्य सुब्रत कुंडू ने सभी अभिभावकों और कस्बेवासियों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाने का आग्रह किया है।
अवनी का नामीबिया में यूथ वर्कशॉप के लिए हुआ सलेक्शन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के पर्यावरणविद् डॉ श्यामसुदंर ज्याणी की पुत्री अवनी का अफ्रीकी देश नामीबिया में 6 दिसंबर से 9 दिसंबर तक आयोजित होने वाले यूथ वर्कशॉप के लिए सलेक्शन हुआ है। अवनी वहां IPBES (इंटर गवर्नमेण्टल प्लेटफार्म ऑन बायोडायवर्सिटी एंड इकोसिस्टम सर्विसेज़) विषय पर अपने विचार व्यक्त करने जाएंगी। ज्याणी ने बताया कि नामीबिया की राजधानी विंडहोक में होने वाला ये आयोजन फ़िनलैंड, नॉर्वे व इंग्लैंड की सरकारों द्वारा वित्तपोषित है तथा अंतर्राष्ट्रीय प्लेटफ़ॉर्म के लिए दुनिया भर से 25 युवाओं का चयन किया गया है। अवनी को इंग्लैंड के ऑक्सफॉर्ड विश्वविद्यालय ने इस अंतर्राष्ट्रीय कार्यशाला के लिए नॉमिनेट किया है। एशिया- प्रशांत क्षेत्र से ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय ने केवल एक छात्रा अवनी का ही सलेक्शन हुआ है। इस कार्यशाला में जैव -विविधता व इकोसिस्टम सर्विसेज़ के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। बता देवें अवनी ऑक्सफ़ोर्ड विश्वविद्यालय व संयुक्त राष्ट्र पर्यावरण कार्यक्रम द्वारा आहूत नेचर पॉजिटिव यूनिवर्सिटी नेटवर्क की स्टूडेंट एम्बेसडर है।

विवेक निकेतन स्कूल में बच्चों ने धरे रामलीला पात्रों के रूप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। विवेक निकेतन स्कूल में बच्चों ने शनिवार को श्रीराम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के रूप धरे। इस दौरान आयोजित प्रतियोगिता में श्रीराम का रूप धरे राहुल सोनी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वासुदेव माली ने हनुमान का वेश धरकर दूसरा स्थान हासिल किया वहीं सीता माता का रूप सजाकर पायल प्रजापत ने तीसरा व श्रीराम रूप में सजे भावेश स्वामी ने चौथा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के निदेशक मघराज प्रजापत ने बच्चों को दीपावली पर्व क्यों व कैसे मनाया जाता है के बारे में जानकारी दी। इस दौरान स्कूल का स्टाफ सक्रिय रहा।

बिग्गा में किसान सेवा केंद्र में 220 बीज कीट का वितरण किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राज्य सरकार की नि:शुल्क बीज कीट का वितरण क्षेत्र भर में प्रारंभ हो गया है। शनिवार को ग्राम पंचायत बिग्गा में किसान सेवा केंद्र पर कृषि पर्यवेक्षक पवन शर्मा द्वारा राज्य सरकार से प्राप्त नि:शुल्क बीज कीट का वितरण किया गया। शर्मा ने बताया कि किसानों को सरसों RH -761 बीज के 220 कीट किसानों को वितरित किए गए है। इस दौरान ग्रामीण कैलाश ओझा, महेंद्र सिंह, रमेश जाखड़, प्रमोद गोदारा, होलश बावरी व अंकित भाटी मौजूद रहें।





