May 21, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 अक्टूबर 2024। शनिवार को कालू रोड पर तीन युवाओं के जोश व नाराजगी से पालिका का टैंपरेचर गर्मा गया। पालिका कमिर्यों द्वारा सड़क पर ही कचरा खाली करने के मामले में युवकों की नाराजगी बढ़ गई जब यहां एक बेसहारा पड़ी गाय के ऊपर ही कचरा खाली कर पालिका की एक ट्रॉली वापस लौट गई। श्रीडूंगरगढ़ से अपने व्यवसाय के लिए प्रतिदिन कालू जाने वाले प्रदीप नाई, रूपाराम रेगर व विनोद सारस्वत बस से उतरे और पालिकाध्यक्ष सहित पालिका अधिकारियों से संपर्क के प्रयास किए। परंतु यहां सुनवाई नहीं होने पर युवकों ने जिला कलेक्टर नम्रता वृष्णि को फोन किया। उन्हें सूचना दी की कालू रोड पर पालिका द्वारा डम्पिंग यार्ड में कचरा नहीं फैंक कर सड़क पर ही कचरा फैंका जा रहा है। जिससे यहां बेसहारा गौवंश का जमावड़ा लगा रहता है। यहां से गुजरने वाले वाहनों से ये गौवंश टकरा जाता है और अकाल मौत का शिकार हो जाता है। गत दो दिन पूर्व एक बस द्वारा चोटिल बेसहारा गौवंश यहां एक ही स्थान पर बैठी थी। जिसके ऊपर शनिवार को कचरे से भरी ट्रॉली खाली कर दी गई। जिला कलेक्टर ने 10 मिनिट वहीं रूकने की बात कही। इस पर प्रदीप वहीं रूक गया व अन्य दो युवक कालू के लिए रवाना हो गए। करीब 15 मिनिट बाद मौके पर पालिका के एसआई कमल चांवरिया पहुंचे। चांवरिया ने युवकों को ट्रॉली चालक द्वारा गाय को नहीं देखे जाने व सड़क पर कचरा नहीं फैंकने का आश्वासन दिया। चांवरिया ने सड़क के पास सफाई करवा देने व कचरा डम्पिंग यार्ड में ही फैंकने के लिए कार्मिकों को निर्देश दिए। युवकों ने डम्पिंग यार्ड की तारबंदी कर गेट लगाने की मांग की जिससे गौवंश पॉलिथीन खाकर बेमौत अपनी जान ना गवांए। इस पर चांवरिया ने युवकों को ये मांग पालिका में रखने व इसके लिए कार्रवाई सक्षम अधिकारी के हाथ में ही होने की बात कही। युवाओं ने जिलाकलेक्टर का आभार जताते हुए उनकी संवेदनशीलता की सराहना की। वहीं स्थानीय स्तर पर सुनवाई नहीं होने पर नाराजगी भी जताई।