






मंदिर जा रहें अधेड़ की अचानक गिरने से सिर में आई चोट से हुई मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कोतवाली थाने में चेतनांद महादेव मंदिर के पास रहने वाले अशोक कुमार स्वामी ने अपने बड़े भाई की मौत की सूचना देते हुए रिपोर्ट दी। परिवादी ने पुलिस को बताया कि नत्थुसर पानी की टंकी के पास रहने वाला उसका बड़ा भाई 54 वर्षीय राजेश कुमार पुत्र दिवंगत रामेश्वरलाल स्वामी 3 नवंबर की शाम को लक्ष्मीनाथ मंदिर जा रहें थे। शीतलागेट के पास अचानक वह गिरकर चोटिल हो गए। जिसे किसी अनजान टैक्सी चालक ने पीबीएम ट्रोमा सेंटर पहुंचाया। सिर में लगी गंभीर चोट के कारण चिकित्सकों ने उसी रात सिर का ऑपरेशन किया। वह आईसीयू में भर्ती थे व ईलाज जारी था परंतु गुरूवार सुबह करीब 11.15 बजे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच एएसआई राकेश कुमार को दी है।
फांसी का फंदा लगाने से हुई युवक की मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नोखा थाने में गुढ़ागोड़जी, झुझुनूं निवासी 62 वर्षीय पितराम पुत्र उमदाराम मीणा ने रिपोर्ट देते हुए पुलिस को बताया कि उसका कांस्टेबल भतीजा 32 वर्षीय विकास कुमार पुत्र बजरंगलाल मीणा ने अपने किराए के मकान में कमरे में तार से फांसी का फंदा लगा लिया जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने चाचा की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर जांच थानाधिकारी हंसराज लूणा को दी है।
ससुराल से रवाना हुआ युवक नहीं पहुंचा घर, पोल से बाइक टकराने से हुई मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पांचू थाने में गांव कुंभासर निवासी 49 वर्षीय धन्नाराम पुत्र सूरजाराम मेघवाल ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसका 27 वर्षीय पुत्र किशोर कुमार अपनी ससुराल से मोटरसाइकिल लेकर घर आ रहा था। बीच रास्ते में मोटरसाइकिल के ब्रेक फेल होने से गाड़ी पोल के टकरा गई जिससे उसे गंभीर चोटें आई और युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी रामकेश मीणा को सौंप दी है।
भूल से पी लिया जहर, युवती की हुई मौत।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। बज्जू थाने में गांव फुलासर बड़ा निवासी 41 वर्षीय भंवराराम पुत्र पुराराम मेघवाल ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि उसकी 19 वर्षीय पुत्री मैनका ने 5 नवंबर की रात को दवा की बोतल समझकर भूल से जहर पी लिया जिससे गुरूवार को ईलाज के दोरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी आलोकसिंह को दी है।




