May 21, 2026
000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 20 नवम्बर 2024। राज्य सरकार द्वारा श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में 247 पदों पर भर्ती होनी है और बुधवार को ही इसके आनलाईन फार्म जमा होने की अंतिम तिथी है। इस बार राज्य सरकार द्वारा वास्तव में पहले से ही सफाई कार्यों में संलग्न लोगों को ही भर्ती में लेने के लिए अनुभव प्रमाण पत्र ठेकेदार फर्म के साथ साथ नगरीय निकायों द्वारा भी जारी किए जाने की कठोर शर्त लगा दी गई है। ऐसे में अंतिम तिथी को श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका भवन में अनुभव प्रमाण पत्र लेने के लिए होड़ मची हुई है एवं भारी भीड़ पालिका में पहुंची हुई है। ऐसे में पालिका कार्मिकों द्वारा भी सरकार द्वारा दी गई गाईडलाईन के अनुसार ही अनुभव प्रमाण पत्र देने की बात कहते हुए फार्म जमा लिए जा रहे है एवं ठेकेदारों से क्रास वेरिफिकेशन के बाद ही अनुभव प्रमाण पत्र जारी किए जाने की बात कही गई है। पालिका में अनुभव प्रमाण पत्र लेने के लिए एकत्र हुई भीड़ द्वारा ठेकेदार द्वारा जारी अनुभव प्रमाण पत्र पर ही तुरंत पालिका द्वारा भी अनुभव प्रमाण पत्र दिए जाने की मांग को लेकर पालिका कार्यालय में भी नारेबाजी की गई एवं वहां से नारेबाजी करते हुए उपखण्ड अधिकारी के पास भी पहुंचें। उपखण्ड अधिकारी ने इस संबध में पालिका ईओ को फोन कर अंतिम तिथी देखते हुए नियमानुसार कार्य जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए एवं इस संबध में डीएलबी एवं उच्चाधिकारियों को पत्र भेजने का आश्वासन दिया है। वहीं दूसरी और पालिका ईओ अविनाश शर्मा ने सरकार द्वारा दी गई गाइडलाईन के अनुसार की अनुभव प्रमाण पत्र दिए जाने की बात कही है। शर्मा ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में अभी तक करीब 175 अनुभव प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए है एवं यह संख्या बीकानेर नगरनिगम से भी कहीं ज्यादा है। केवल फार्म भर कर ले जाने से ही पालिका अनुभव प्रमाण पत्र कैसे दे सकती है। पूर्व में वास्तव में सफाई कार्य किया हुआ है एवं सफाई कार्याों में सलंग्न है उनके प्रमाण पत्र जारी किए जाएगें एवं किसी प्रकार का कोई फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र भी जारी ना हो इसके लिए अनुभव प्रमाण पत्र जारी करने के बाद उनकी सूची भी सार्वजनिक चस्पा की जाएगी। यह कार्य पूर्ण पारदर्शिता के साथ हो रहा है एवं पूर्व में सफाई कार्य नहीं करने वालों को भी अनुभव प्रमाण पत्र जारी करवाने के लिए दबाव बनाया जा रहा है।
पूर्व विधायक भी सक्रिय, की उपखण्ड अधिकारी से चर्चा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका में सफाई कर्मियों के पदों पर फार्म भरवाने के इच्छुक आवेदकों को अनुभव प्रमाण पत्र देने के संबध में हुए हंगामें में पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया भी सक्रिय हुए है। महिया ने इस संबध में उपखण्ड अधिकारी से वार्ता की एवं पालिका ईओ को पात्र आवेदकों को त्वरित प्रभाव से अनुभव प्रमाण पत्र जारी करवाने के आदेश देने को कहा है। महिया ने अंतिम तिथी होने के बाद भी पालिका ईओ द्वारा सीट पर नहीं बैठने की स्थिति को निंदनीय बताया एवं आवेदकों को राहत नहीं मिलने पर जयपुर तक बात पहुंचाने एवं आंदोलन की चेतावनी दी है। साथ ही पूर्व विधायक किशनाराम नाई के पौत्र आशीष जाड़ीवाल, दलित नेता राजेन्द्र नौसरिया भी इन कार्मिकों के साथ ईओ से वार्ता में लगे है एवं उपखण्ड अधिकारी को ज्ञापन भी दिया है।