May 21, 2026
0000100

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 दिसंबर 2024। श्रीडूंगरगढ़ अचंल में किसान रात दिन खेत में पसीना बहाकर धरती चीरकर मूंगफली पैदावार करते है। एक तो किसान नेता यहां पूरी फसल समर्थन मूल्य पर खरीद करने की मांग करते नजर आते है वहीं दूसरी और ऊंट के मुंह में जीरा की तरह होने वाली 40 क्विंटल की सरकारी खरीद के लिए भी किसान भ्रष्टाचार का शिकार हो रहें है। नाम नहीं छापने की शर्त पर लिखमादेसर, जैसलसर, रीड़ी के किसानों ने आरोप लगाते हुए बताया कि किसानों के लिए कहीं कोई संवेदनशीलता नहीं है। मंडी प्रांगण में चल रहे मूंगफली के सरकारी खरीद केन्द्र में अपनी मूंगफली तुलवाने के लिए किसानों को अपने वाहनों में लोढ़ की हुई मूंगफली को लेकर तीन से चार दिन खड़े रहना पड़ रहा है। रबी की फसल के बीजान के समय में यह वाहनों पर मूंगफली लेकर खड़े रहना किसानों को खासा महंगा पड़ रहा है एवं इंतजार के हर दिन किसान को तीन से चार हजार रुपए तक का अतिरिक्त खर्च वहन करना पड़ रहा है। मंडी में चल रही सरकारी खरीद में भी किसानों द्वारा भारी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए जा रहे है। किसानों का कहना है कि केन्द्र पर सामान्य किसानों की मापदंडों पुरा करने वाली मूंगफली में भी अनेकों कमियां निकाल कर पास ही नहीं की जाती एवं वहीं दूसरी और प्रति क्विंटल 100 रुपए से 800 रुपए तक का सुविधा शुल्क लेकर खराब से खराब क्वालिटी की ढेरी भी तुलवाई जा रही है। किसान मंडी में सरकारी खरीद में हो रहें भ्रष्टाचार से बुरी तरह से परेशान ही नहीं आहत हो गए है और लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मंडी से घुमचक्कर तक लगी वाहनों की कतार।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीडूंगरगढ़ कस्बे से बीदासर रोड़ की और आधे से अधिक तहसील के गांव बसे हुए है एवं क्षेत्र की सबसे मुख्य सड़कों में शामिल यह सड़क इन दिनों हर रोज जाम नजर आती है। यहां एक और रेलवे क्रासिंग के बंद रहने के कारण दिक्कतें होती है वहीं अब हर दिन मंडी में आए सरकारी खरीद के वाहनों की कतारें कोढ़ में खाज का काम कर रही है। इस सड़क पर हर दिन जाम लगने की स्थिति से क्षेत्रवासी खासे परेशान हो चुके है। आज गुरूवार सुबह तो मंडी परिसर से घुमचक्कर तक बिना टूटे एकसार मूंगफली से लदे वाहनों की कतार लगी है, जिससे सड़क वन वे हो गई है। दिन निकलने से पहले ही कतार लंबी हो गई और सुरज के चढ़ने के साथ और भी किसानों के पहुंचने के आसार है। ये स्थिति ओर अधिक विकट होने के पूरे आसार है। किसानों ने बताया कि सुबह 9 बजे शुरू होने वाली खरीद कछुआ चाल से चल रही है जिससे दोपहर 1 बजे तक 15 किसानों की भी तुलवाई नहीं की गई है।
उठाव नहीं होना बना बड़ी समस्या।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूरे जिले में राजफैड के एक ही वेयर हाऊस पर सभी गाड़ियां खाली हो रही है। मंडी सचिव सुरेंद्र बागड़वा ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ की 32 गाड़ियां बीकानेर वेयरहाऊस में लाइन में खड़ी है। इन गाड़ियों के खाली नहीं होने से यहां उठाव नही हो पा रहा है। राजफैड को श्रीडूंगरगढ़ के लिए अलग से एक केंद्र की व्यवस्था देनी चाहिए जिससे उठाव हो सकें तो खरीद सुचारू हो सके।
जारी किए टोकन, 7 दिन का मिलता है समय, विकट होगी समस्या।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजफैड ने ऑनलाइन करीब 200 टोकन प्रतिदिन जारी कर दिए गए जिससे लाइन लग गई है। उठाव नहीं होने से खरीद प्रभावित होना बताया जा रहा है। वहीं प्रति किसान को टोकन जारी होने के बाद माल बेचन के लिए 7 दिन का समय मिलता है। किसान माल बेचने देरी से या आगे की खरीद हो जाने के बाद नहीं आ सकते क्योंकि टोकन जारी होने के बाद सात दिन में ही माल देना पड़ता है। वहीं वाहनों की कतारें और अधिक लंबी होने की ही संभावनाएं है।

उठाव नहीं होने से थोड़ी दिक्कतें आ रही है, आज ही एक ओर वेयर हाऊस खोले जाने की सूचना है संभवत समस्या का समाधान हो जाएगा। वहीं खरीद में भ्रष्टाचार को कोई मामला अभी तक प्रशासन के सामने नहीं आया है।उमा मित्तल (उपखंड अधिकारी)

आरडब्ल्यूसी के पांच वेयर हाऊस रद्द किए जाने से बीकानेर में केवल सीडब्ल्यूसी के दो वेयर हाऊस पर पूरा लोड है जिसमें करीब 10 सेंटरों का माल पहुंच रहा है। श्रीडूंगरगढ़ की गाड़ियां तीन दिन से वहां खड़ी है, जिससे यहां माल का उठाव प्रभावित हुआ है। अब तक व्यवस्था सुचारू थी परंतु गुरूवार को माल लेकर आए किसान शुक्रवार शाम तक फ्री हो पाएंगे, हम व्यवस्था सुचारू के प्रयास कर रहें है। भ्रष्टाचार का कोई मामला सामने नहीं आया है वहीं एक 100 रूपए का व्यापारी शुल्क काटा जा रहा है जो नियमानुसार है और इसकी रसीद भी किसान को दी जा रही है।यशवंत सिंह (कॉपरेटिव इंस्पेक्टर)

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माल का उठाव नहीं होने से खरीद प्रभावित।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। खरीद समय पर नहीं होने से परेशान किसान, बिजान के समय हो रही मुश्किलें।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मूंगफली की लगी है ढेरियां, किसानों ने लगाए भ्रष्टाचार के आरोप।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरूवार सुबह से दोपहर सवा एक बजे तक 15 किसानों की तुलवाई भी नहीं हो पाई।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मंडी से घुमचक्कर पार कर मालजी होटल के बाद तक लगी वाहनों की कतारे, आगे समस्या विकट होने की संभावनाएं।