






भाजपा प्रदेश मंत्री ने बिग्गा के सरकारी सकूल में बांटे स्वेटर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में कड़ाके की ठंड प्रारंभ हो गई है और सरकारी स्कूलों के जरूरतमंद बच्चों के लिए गर्म कपड़ों के वितरण की आवश्यकता को देखते हुए अनेक दानदाता सक्रिय हो रहें है। भाजपा के प्रदेश मंत्री डॉ वासुदेव चावला चूरू ने शनिवार को बिग्गा के श्रीहजारीमल पुरोहित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में गर्म स्वेटर, जूते व जुराबों का वितरण किया। चावला ने कक्षा 1 से 5 तक के छात्र छात्राओं को जूते जुराब व स्वेटरों का वितरण किया। चावला ने कहा कि सरकारी स्कूलों के नौनिहाल सर्दी में ठिठुरने की बजाय अपनी शिक्षा पर ध्यान देकर स्वयं के साथ राष्ट्र की उन्नति का मार्ग प्रशस्त कर सकें इस हेतु उनके सर्दियों में दानदाताओं को उनके लिए गर्म कपड़ों का प्रबंध करने के लिए आगे आकर सहयोग देना चाहिए। संस्था प्रधान फारूख हुसैन ने दानदाता डॉ चावला का आभार जताया। कार्यक्रम में सरपंच जसवीर सारण, पीईईओ पुखराज भार्गव, शिक्षिकाएं प्रियंका, माया रानी मौजूद रहीं।
कीतासर के पीएश्री स्कूल में साईकिल वितरित, हुए अतिथि शामिल।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र के गांव कीतासर में स्थित पीएश्री राउमावि में शनिवार को साईकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति के सुभाषचंद्र पूनियां, गजानंद, श्रवण सिंह, शेराराम मेघवाल, यशवंत पूनियां ने बालिकाओं को साईकिल वितरित की। कार्यक्रम में स्कूल का स्टॉफ सहित अनेक अभिभावक व छात्राएं शामिल हुई। प्रधानाचार्य उर्मिला ने छात्राओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी देते हुए बेटी बचाओ व बेअी पढ़ाओं की प्रेरणा दी। सुभाषचंद्र पूनियां ने ग्रामीणों से बालिकाओं को सरकारी स्कूल में प्रवेश दिलवाने व विभिन्न योजनाओं का लाभ बेटियों को दिलवाने की बात कही। प्रधानाचार्य ने सभी का आभार जताया।





