May 19, 2026
0000000000000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 1 मार्च 2025। श्रीडूंगरगढ़ अचंल में शुक्रवार सुबह से शनिवार सुबह तक करीब 8-10 अंगुल बरसात हुई है। कस्बे में सात एमएम बरसात हुई है वहीं सर्वाधिक उत्तरी पूर्वी दिशा में बरसात हुई है। लोढ़ेरा व डेलवां में हल्के ओले गिरे और 8-10 अंगुल बरसात हुई है। वहीं पूर्वी दक्षिणी रोही में भी 7-8 अंगुल बरसात हुई है। सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) रघुवीर सुथार ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ अंचल में नुकसान की स्थिति नहीं है। यहां गेहूं के लिए ये बरसात वरदान साबित होगी। सुथार ने बताया कि वे शुक्रवार से लगातार अंचल के किसानों के संपर्क में है और किसी नुकसान की संभावना नहीं है। उन्होंने कहा कि बरसात से फसलें जो गिरी है वे तीन से चार दिन में ठीक हो जाएगी। कानूनगो चैनाराम ने बताया कि सभी पटवारियों से नुकसान के बारे में जानकारी मांगी गई परंतु अभी तक हमारे क्षेत्र में नुकसान की सूचना कहीं से प्राप्त नहीं हुई है। धीरदेसर चोटियान के प्रगतिशील किसान रामलक्ष्मण चोटिया ने बताया कि 4-5 अंगुल बरसात है जो फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगी। रीड़ी के किसान बुधाराम जाखड़ ने बताया कि तेज हवा के साथ रात करीब 7 अंगुल बरसात हुई है। इससे फसलों को लाभ मिलेगा। गांव लोढ़ेरा के किसान रामप्रताप गेट ने बताया कि मामूली ओले गिरे जिससे नुकसान की संभावना नहीं है। वहीं अगर किसी की अगेती फसल है तो नुकसान की संभावना 5-7 प्रतिशत ही होगा। मणकरासर के किसान राजू भूकर व पूनरासर के जगदीश पारीक ने बताया कि किसान वर्ग इस बरसात से प्रसन्न हो गया है और फसलों को इससे लाभ होगा। सेरूणा के किसान सीताराम गोदारा ने बताया कि इस बरसात से गेहूं में बंपर लाभ मिलेगा। मोमासर के भगवानाराम पूनियां ने बताया कि इस बरसात से फसलों को खूब फायदा होगा। वहीं आसुराम नैण ने बताया कि चूरू में नुकसान होने की सूचनाएं है परंतु हमारे क्षेत्र में तो आनंद बरसा है। बिग्गाबास रामसरा के किसान मोहनराम जाखड़ ने फसलों में बरसात से फायदा होने की बात कही। सोनियासर गोदारन के किसान विजयपाल ने बताया कि उनके गांव व बापेऊ में बरसात ही नहीं हुई है। लिखमादेसर के किसान भींयाराम ज्याणी ने बताया कि तेज हवाओं के कारण गेहूं व सरसों की फसलें जमीन पर गिर गई है जिससे मामूली नुकसान का अंदेशा है। वहीं गांव भोजास में चने के आकार के ओले गिरने से अगेती सरसों की पकी हुई फलियां गिरने से किसानों को नुकसान होगा। वहीं विधायक ताराचंद सारस्वत ने नुकसान होने वाले किसानों को हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। किसान मोहनलाल जाखड़ ने बताया कि फसल में होगा फायदा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। लिखमादेसर में तेज हवा के साथ हुई बरसात से किसान गजानंद पारीक ने जताई नुकसान की आशंका।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव रीड़ी के बुधाराम जाखड़ ने बताया बरसात से फसलों में होगा लाभ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सेरूणा में फसलें टेढ़ी हुई पर किसानों ने नुकसान की आशंका से मना किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुसाईसर बड़ा में हुई अच्छी बरसात।