August 30, 2026
00000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अप्रैल 2025। श्रीडूंगरगढ़ में बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती धूमधाम से उत्सव के रूप में मनाई गई। बाबा साहेब के अनुयायियों ने एक दूसरे को बधाई देते हुए संविधान में आमजन को अधिकार दिलवाने के लिए बाबा साहेब के प्रति कृतज्ञता प्रकट की। क्षेत्र का मुख्य आयोजन श्रीडूंगरगढ़ में हुआ जिसमें उपखंड के विभिन्न गांवो से लोग शामिल होने पहुंचे। सुबह अंबेडकर छात्रावास से निकल कर अंबेडकर रैली मुख्य मार्गों से होकर सरदारशहर रोड स्थित अंबेडकर स्मारक पहुंच कर पूर्ण हुई। यहां रैली जयंती समारोह में बदल गई। समारोह में मुख्य अतिथि विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि बाबा साहेब को अवसरवादी लोग अपने स्वार्थवश बरत रहें है। जबकि बाबा साहेब पूरे देश की साझी धरोहर है। वे ज्ञान का ऐसा प्रकाश पुंज थे जिससे वे देश ही नहीं दुनिया में महान बन गए। दलित व पिछड़ों के लिए उनके द्वारा किए गए प्रयास व कार्य आज भी प्रासंगिक है। विधायक ने युवाओं से नौकरी के मोह व आकर्षण को कम करने व नौकरी देने वाला बनने के लिए मेहनत करने की बात भी कही। विधायक ने अंबेडकर छात्रावास के जरूरी कार्य पूरा करवाने का आश्वासन दिया। समारोह में मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्य मंत्री रामगोपाल सुथार, पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया, प्रधान प्रतिनिधि केसराराम गोदारा, पालिकाध्यक्ष मानमल शर्मा, प्रदेश महासचिव कांग्रेस मूलाराम भादू, आरएलपी नेता डॉ विवेक माचरा, भाजपा ओबीसी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विनोद गिरी गुसाईं, पूर्व पालिकाध्यक्ष रामेश्वरलाल पारीक, भीमसेना प्रदेशाध्यक्ष राजेन्द्र नोसरिया ने अंबेडकर दर्शन के बारे में विस्तार से विभिन्न जानकारियां दी। वक्ताओं ने नशे से दूर रहने, शिक्षा की बदौलत आगे बढ़ने, शिक्षित बनने, संगठित बनने, मुख्य बाजार में बाबा साहेब की मूर्ति लगाए जाने, मानवता के धर्म पर चलने, महिला शिक्षा पर ध्यान देने, छोटे बड़े का भेद मिटाकर बराबरी का हक देने, किसी जाति से संघर्ष नहीं अन्याय के खिलाफ संघर्ष करने, छुआछूत नहीं करने संबंधी विचार व्यक्त किए। पूर्व सरपंच रेखाराम, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुभाष कमलियां, टेऊ सरपंच सुनील मेघवाल, सरपंच प्रतिनिधि बुधाराम गांधी, सीबीईओ भंवरलाल जानू, भाजपा के मांगीलाल गोदारा, एबीवीपी के सुनील तावणियां, एसएफआई के मुकेश ज्याणी, मालाराम सातलेरा, सोनिया राजपुरोहित, सरिता मेघवाल, पूर्व सरपंच गुलाराम मेघवाल, सुमित्रा रेगर ने भी विचारों की अभिव्यक्ति दी। समारोह की अध्यक्षता करते हुए मदन मेघवाल ने अंबेडकर भवन का पट्टा बनवाने की मांग रखी। मेघवाल ने सभी अतिथियों का आभार जताया। आयोजन समारोह समिति के सदस्यों ने सभी अतिथियों का नीला दुपट्टा पहनाकर स्वागत सम्मान किया। समिति प्रकाश गांधी, ओमप्रकाश बारोटिया, ओमप्रकाश मोहरा, कमल बापेऊ, भरत लखासर, गोपाल ऊपनी, विवेक लावा सहित युवाओं ने रैली व समारोह की सभी व्यवस्थाएं संभाली।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नेताओं सहित बाबा साहेब के अनुयायी शामिल हुए समारोह में, माल्यार्पण कर बाबा साहेब को याद किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मूलाराम भादू शामिल हुए समारोह में, शिक्षा प्राप्त करने की दी प्रेरणा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। सभी अतिथियों का नीला दुपट्टा पहना कर सम्मान किया गया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेसी नेता केसराराम गोदारा, भीमसेना के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र नोसरिया सहित मौजिज लोगों ने बाबा साहेब की मूर्ति पर किया माल्यार्पण।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूर्व विधायक गिरधारीलाल महिया पूरी रैली में शामिल हुए।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उपखंड क्षेत्र भर से बड़ी संख्या में बाबा साहेब के अनुयायी पहुंचे समारोह में भाग लेने।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। एसएफआई की छात्राओं ने बाबा साहेब का माल्यार्पण किया।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माकपा कार्यकर्ताओं और एसएफआई ने रैली के यात्रियों के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था की, इस दौरान यहां मुकेश ज्याणी, सुमित्रा तुनगरिया, शौकीन काजी, जावेद बेहलीम, रामनिवास बाना व राजेंद्र स्वामी मौजूद रहें व अपनी सेवाएं दी।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। तेज धूप में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए रैली व समारोह में।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। युवाओं ने बाबा साहेब अमर रहें के लगाए नारे।