






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 25 मई 2025। तेरापंथ युवक परिषद, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा आयोजित 6 दिवसीय कॉन्फिडेंट पब्लिक स्पीकिंग जूनियर कार्यशाला रविवार को दीक्षांत समारोह के साथ संपन्न हुई। समारोह का प्रारंभ सेवा केंद्र व्यवस्थापिका साध्वी संगीतश्री जी और साध्वी डॉक्टर परमप्रभा जी के मंगल पाठ से हुई। मुख्य अतिथि विनीता सारस्वत व विशिष्ट अतिथि राजसर ने कार्यशाला के आयोजन को उपयोगी बताते हुए मात्र 6 दिन में बच्चों में आए प्रभावशाली परिवर्तन की सराहना की। समारोह में झिणकार देवी बोथरा व मुख्य प्रशिक्षक आकाश शाह ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यशाला के प्रथम 3 दिन जोनल ट्रेनर दीया ओसवाल और अगले 3 दिन नेशनल ट्रेनर आकाश शाह ने प्रतिभागियों को ट्रेनिंग दी। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करते हुए तेयुप अध्यक्ष मनीष नौलखा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। नौलखा ने बताया कि सीपीएस की शुरूआत श्रीडूंगरगढ़ में तेयुप की पहल पर प्रारंभ हुई और इस वर्ष सीपीसी की दूसरी कार्यशाला संपन्न हुई है। उन्होंने सीपीसी आयोजन को सार्थक बताते हुए कहा कि इस सीपीसी से ही जोनल ट्रेनर के रूप में भी अंबिका डागा व प्रीतिका पुगलिया निकली है। सहमंत्री प्रथम मनीष पटावरी ने मंचासीन महानुभावों सहित अर्थ सहयोगियों, संस्थाओं के सदस्यों, तेरापंथ भवन (ऊपरलो) के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारीयों के साथ इस कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं में सहयोग करने वाले लोगों का हार्दिक आभार प्रकट किया। कार्यक्रम में श्री जैन श्वेतांबर तेरापंथी सभा, महिला मंडल, अणुव्रत समिति, ओसवाल पंचायत और विभिन्न संस्थाओं के, स्कूलों के पदाधिकारी, प्रिंसिपल, पत्रकार आदि गणमान्य लोग मौजूद रहें।




