






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जून 2025। 8 और 9 साल की मासूम बच्चियों से दुष्कर्म करने वाले कथित 5 हत्याएं कर चुके तांत्रिक के आश्रम में अभी भी गतिविधियां जारी है और ग्रामीणों में इस सबन्ध में प्रशासन की सुस्ती को लेकर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों ने बताया कि करीब 40 बीघा गोचर भूमि पर अतिक्रमण किया हुआ है और मंदिर के बहाने से होटल, ढाबा, कमरे, झोपड़ियां बनाई हुई है। साथ ही अतिक्रमणकारियों द्वारा इस भूमि पर खेती करते हुए फसल ली जा रही है, भूमि खेती के लिए बुवाई पर किराए पर दी जा रही है। ऐसे जघन्य अपराध के बाद जहां इस अतिक्रमण पर बुलडोजर चलाने की मांग युवाओं व जागरूक नागरिकों द्वारा उठाई जा रही है। वहीं इस सबन्ध में प्रशासन की उदासीनता पर लोगों में नाराजगी का माहौल भी व्याप्त है। ग्रामीणों ने सोमवार को उपखंड अधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और अतिक्रमण हटाने की मांग की। ग्रामीणों ने ज्ञापन में बताया कि इस भूमि को पूर्व में भी प्रशासन द्वारा अतिक्रमण मुक्त करवाया गया था। लेकिन अतिक्रमण पुनः कर लिया गया व लगातार अतिक्रमण को बढ़ाया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि घटना के बाद भी मौके पर तांत्रिक के साथी पहुँच रहे है व लगातार संदिग्ध गतिविधियां हो रही है। ग्रामीणों ने पुलिस से भी घटना की गहन जांच करने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि पुलिस जांच करे तो अवैध गतिविधियों के केंद्र बने तांत्रिक के आश्रम से ओर भी अपराधों से जुड़े तथ्य सामने आ सकते है।





