






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जून 2025। श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के युवा विगत कुछ वर्षों में लगातार सरकारी नौकरियों में सफलताएं प्राप्त कर क्षेत्र का मान सम्मान बढ़ा रहे है। लेकिन आर्थिक अभाव में क्षेत्र के कई युवा इन नौकरियों के लिए तैयारी तक नहीं कर पाते। ऐसे में सामाजिक संस्था स्टेप्स आगे आई है एवं क्षेत्र में आर्थिक रूप से पिछड़ी लेकिन होनहार प्रतिभाओं को मौका देने के लिए कोचिंग छात्रवृति दे रही है। संस्था के संयोजक पूर्व सरपंच श्रीराम भादू ने बताया कि संस्था की बैठक गुरूवार को श्रीडूंगरगढ़ कस्बे के लैंग्वेज ट्री इंग्लिश एकेडमी में आयोजित की गई एवं संस्था को प्राप्त आवेदनों में से छात्रवृति के चार विद्यार्थियों का साक्षात्कार के साथ चयन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय के अनुसार गांव देराजसर के गोविंद पुत्र केसराराम भादू को आईआईटी परीक्षा के लिए व टेऊ निवासी खुशबू पुत्री ओमप्रकाश मेघवाल को नीट की कोचिंग के लिए दो-दो लाख रुपए तक की की एवं केऊ पुरानी निवासी पवन कुमार पुत्र उदाराम मेघवाल को दिल्ली पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए एवं राजेडू निवासी अशोक सांसी पुत्र ओमप्रकाश सांसी को डिफेंस कोचिंग के लिए एक-एक लाख रुपए तक की छात्रवृति देने का निर्णय लिया गया। विदित रहे कि संस्था संयोजक श्रीराम भादू की अगुवाई में क्षेत्रवासी क्षेत्र के प्रतिभावान युवाओं को आर्थिक सहयोग छात्रवृति के रूप में दे रहे है ताकि इन युवाओं द्वारा सरकारी सेवाओं में चयनित होकर क्षेत्र का मान बढ़ाया जा सके। चयन के बाद चारों युवाओं को समाज द्वारा दिए गए सहयोग का पूर्ण लाभ उठाने एवं पूर्ण मनोयोग से तैयारी करने का आह्वान किया गया।





