May 21, 2026
WhatsApp Image 2025-07-09 at 21.42.01

संत श्रीमोहनराम महाराज के सान्निध्य में आयोजित होगा गुरूपूर्णिमा पर्व।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रताप बस्ती के श्रीराम नगर में संत श्रीमोहनराम जी महाराज के सान्निध्य में गुरूवार को गुरू पूर्णिमा के उत्सव का आयोजन होगा। महाराज ने कहा कि गुरुपूर्णिमा का पर्व आत्मचिंतन, श्रद्धा व गुरु महिमा के स्तवन का अवसर होता है, जहां श्रद्धालु अपने जीवन को दिशा देने वाले गुरुओं का स्मरण कर उनके प्रति कृतज्ञता जताते है। आश्रम के फतेहसिंह जांगिड़ ने बताया कि यह आयोजन रामस्नेही संत श्रीमोहनराम जी महाराज के सान्निध्य में सुबह 9:15 बजे प्रारंभ होगा। दिन भर विभिन्न धार्मिक आयोजन होंगे। कार्यक्रम में रामस्नेही परम्परा वाणी, सद् ग्रंथ वाचन, तथा गुरु पूजन महोत्सव विशेष कार्यक्रम होंगे। शाम 8.15 बजे संगीतमय सुदंरकांड का आयोजन होगा। कार्यक्रम में संत मोहनरामजी का आध्यात्मिक उद्बोधन होगा जिसमें समाज कल्याण के सूत्र भी समाहित रहेंगे। जांगिड़ ने आश्रम की ओर से सम्पूर्ण रामस्नेही श्रद्धालुओं व क्षेत्रवासियों से आयोजन में भागीदारी निभाने की अपील की है। आश्रम से जुडे श्रद्धालु आयोजन की तैयारियों में जुटे है।

गुरु पूर्णिमा पर जसनाथ आश्रम में होंगे कई कार्यक्रम।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गुरुवार, 10 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गांव बिग्गा में स्थित श्री जसनाथ आश्रम में कई आयोजन होंगे। महंत प्रेमनाथ ने बताया कि संत कुंपोजी-सोमोजी की जीवंत समाधि स्थल इस धाम पर गुरुवार सुबह 6.15 बजे समाधि पूजन, 7.15 बजे से हवन, 8.15 बजे से गुरुपूजन और दिन भर महाप्रसादी का आयोजन होगें। इससे पूर्व बुधवार शाम को मुक़सा एंड पार्टी द्वारा सुंदरकांड का पाठ भी किया गया।

डॉ गुणप्रकाश चैतन्य महाराज ने सेवा धाम का किया अवलोकन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। डॉ गुणप्रकाश चैतन्य महाराज ने बुधवार शाम को सेवा धाम का अवलोकन किया। उन्होंने बच्चों को प्रार्थना करवाई व ओजस्वी व्यक्त्व्य दिया। उन्होंने युवापीढ़ी को समर्थ व शक्तिशाली बनने की बात कहते हुए स्वामी विवेकानंद और कर्मा बाई जैसे बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने बच्चों से वार्तालाप में उनके प्रश्नों के उत्तर देते हुए बच्चों को शारीरिक व मानसिक रूप से स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सेवा धाम छात्रावास की व्यवस्था की सराहना की। इस दौरान सेवा समिति के सदस्यों ने उनका आभार जताया।

तेयुप ने किया भिक्षु भजन संध्या का आयोजन।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। आचार्य भिक्षु के 300वें जन्म व 268वें बोधि दिवस पर साध्वी संगीतश्री व साध्वी डॉ परमप्रभा के सान्निध्य में मालू भवन में धम्म जागरण का आयोजन किया गया। तेयुप अध्यक्ष विक्रम मालू ने आचार्य भिक्षु के जीवन के बारे में जानकारी देते हुए उन्हें तेरापंथ संप्रदाय का संस्थापक व प्रथम आचार्य बताया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक क्रांति के प्रारंभिक चरण में 13 संतों, 13 अनुयायियों और 13 बुनियादी नियमों के संयोग का नाम तेरापंथ है। मंत्री पीयूष बोथरा ने बताया कार्यक्रम का प्रारंभ साध्वीश्री द्वारा गीतिका से किया गया। भक्ति संध्या में भजन मंडली प्रभारी सुमित बरडिया ने अपने मधुर गीत सुनाए। कार्यक्रम में मनोज डागा व बड़ी संख्या में समाज के श्रावक श्राविकाएं शामिल हुई। परिषद सदस्यों ने सभी का आभार जताया।

तेरापंथ किशोर मंडल का दल रवाना हुआ अहमदाबाद।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। अहमदाबाद में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रीय अधिकवेशन में भाग लेने तेरापंथ किशोर मंडल का दल बुधवार शाम को रवाना हुआ। दल सदस्यों ने बताया कि इस अधिवेशन में किशोरों को अपनी सुसंस्कृति व सुसंस्कारों के बारे में जानकारी देते हुए राष्ट्र व समाज में उपयोगी बनाने हेतु मार्गदर्शन प्राप्त होगा। अधिवेशन में राष्ट्रीय स्तर के वक्ताओं, संयमित दिनचर्या, प्रबुद्ध बौद्धिक कार्यशालाओं द्वारा समुचित विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। तेयुप अध्यक्ष विक्रम मालू ने बताया कि शिक्षण सत्र, प्रतिभा प्रदर्शन, युवा वार्ता सहित अनेक आयामों में टीम भाग लेगी। मंत्री पीयूष बोथरा, प्रभारी मोहित बोरड़ ने दल को शुभकामनाएं दी। सेवा केंद्र मालू भवन में साध्वी संगीतश्री व साध्वी डॉ परमप्रभा द्वारा मंगल पाठ सुनाया गया।