






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 जुलाई 2025। कारगिल युद्ध में देश की आन बान शान की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों की कुर्बानी को शनिवार को “कारगिल विजय दिवस” के मौके पर याद किया गया। क्षेत्र में कारगिल विजय दिवस पर कई कार्यक्रम आयोजित किए गए और बच्चों, युवाओं ने जयकारों के साथ शहीदों को श्रृद्धांजलि दी, पढ़ें सामूहिक खबर।
कविता प्रतियोगिता में दिखा वीर रस, ये रहे विजेता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कारगिल विजय दिवस के मौके पर भारती निकेतन स्कूल में कविता पाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रभारी शिक्षिका सीमा भोजक ने बताया कि प्रतियोगिता में छात्राओं ने वीर रस की कविताओं की प्रस्तुतियां दी गई। इससे स्कूल प्रांगण का माहौल देशभक्ति से भर गया और बच्चों ने जमकर भारत माता के जयकारे लगाए। प्रतियोगिता में हंसिका राणा, राखी दुसाद एवं कृष्णा शेखावत क्रमश: पहले तीन स्थानों पर रही। निर्णायकों की भूमिका सत्यनारायण स्वामी और मनमोहन भारतीय ने निभाई। इस मौके पर शिक्षकों द्वारा छात्राओं को कारगिल युद्ध के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
शहीदों के चित्रों पर चढ़ाए पुष्प, लगाए जयकारे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कारगिल विजय दिवस के मौके पर स्थानीय जयपुर पब्लिक स्कूल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। निदेशक कुंभाराम घिंटाला ने बताया कि कार्यक्रम में क्षेत्र के तीनों शहीदों के चित्रों पर पुष्प अर्पित किए गए। बच्चों को कारगिल युद्ध के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें देश के वीर जवानों के सर्वोच्च बलिदान के बारे में बताते हुए सेना, सैन्यकर्मियों एवं सैन्यकर्मियों के परिवारों का सम्मान करने की प्रेरणा दी गई। इस दौरान विद्यालय का स्टाफ मौजूद रहा व सभी ने सामूहिक रूप से शहीदों व भारत माता के जयकारे लगाए।

वर्दीधारी विद्यार्थियों ने किया पौधारोपण, लगाए जयकारे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। क्षेत्र में स्कूली एवं कॉलेज शिक्षा के दौरान ही वर्दी पहनने का गौरव एवं सैन्य सेवाओं का अनुशासन पाने वाले एनसीसी के कैडेटस ने भी शनिवार को कारगिल विजय दिवस मनाया। भारती निकेतन स्कूल एवं कॉलेज में संचालित एनसीसी के एएनओ नितिन सिंह ने बताया कि कैडेटस को युद्ध में वीरगति प्राप्त करने वाले जवानों की शौर्यगाथाओं के बारे में उत्साह से बताया गया। जवानों ने दो मिनिट का मौन रखकर शहीदों को श्रृद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद हरियालो राजस्थान अभियान के तहत शहीदों की स्मृति में कैडेटस ने पौधारोपण भी किया और लगाए गए पौधों को संरक्षित करने का संकल्प लिया। इस दौरान कॉलेज प्राचार्य डॉ आनंद नारायण पुरोहित, भारती डिफेंस कोच कानाराम फौजी ने भी बच्चों को कारगिल युद्ध के बारे में विभिन्न जानकारियां दी।

मौन से दी श्रृद्धांजलि।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। मु़ख्य बाजार स्थित लैंग्वैज ट्री इंग्लिश एकेडमी में कारगिल विजय दिवस मनाया गया। जिसमें निदेशक राज सर ने भारतीय सेना के अदम्य साहस एवं शौर्य की गाथा से बच्चों को अवगत करवाया गया। बच्चों ने दो मिनिट के मौन से शहीदों को श्रृद्धांजलि दी एवं नमन किया।





