






चिड़पड़नाथ बगीची में होगा चंद्र ग्रहण पर भजन कीर्तन।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भोले की फौज करेगी मौज संगठन द्वारा चिड़पड़नाथजी की बगीची में रविवार रात 9.30 बजे से भजन कीर्तन का आयोजन किया जाएगा। चंद्र ग्रहण के दौरान आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्य कलाकार हनुमान कुदाल एवं पार्टी, नारायण कलाणी, तोलाराम सुथार(कालू) भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि ग्रहण काल नाम जप का अत्यधिक महत्व है और इस आयोजन के माध्यम से नाम जप के लिए अनेक श्रद्धालु शामिल होंगे।
दुलचासर गौशाला में दानदाताओं ने दिया पूर्णिमा पर सहयोग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। दुलचासर की गोपाल गौशाला में पूर्णिमा के अवसर पर अनेक श्रद्धालुओं ने गौसेवा में सहयोग दिया। गौशाला सचिव रेवंतसिंह पड़िहार ने बताया कि इसी गांव के मोतीलाल, मनोहरलाल मूंधड़ा पूरे परिवार सहित गौशाला का अवलोकन किया। परिवार ने गौशाला की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए महिलाओं वे बालिकाओं ने अपने हाथों से सेवा दी। सभी ने खल, मूंग चूरी व गुड़ गौवंश को खिलाकर बालक निर्वाण मूंधड़ा का जन्मदिन मनाया। समिति सदस्यों ने सभी का आभार जताया।

मोमासर में भैरव भक्तों जागरण जोत संपन्न की, लगाए जयकारे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मोमासर के शिवालय बास में स्थित कालका माता मंदिर से भैरव भक्तों ने भैरव मंदिर तक डीजे के साथ धूमधाम से यात्रा पूरी की। इससे पूर्व भैरव भक्त मंडल द्वारा
भैरव मंदिर में जागरण करवाया गया जिसमें मांगीलाल एडं पार्टी ने भजनों की प्रस्तुतियां दी। अगले दिन बाबा की विशेष जोत आरती कर 21 किलो लड्डुओं का बाबा को भोग लगाया गया। पंकज नाई व पवन बोथरा ने चार वर्ष पूर्व कालका माता मंदिर से यात्रा निकालने की परंपरा प्रारंभ की जिसका निर्वहन प्रतिवर्ष किया जा रहा है। भक्त माता के मंदिर से नाचते गाते भैरव मंदिर पहुंच कर धोक लगाकर अपनी मन्नतें मांगते है।





